विदिशा जिला ब्यूरो मुकेश चतुर्वेदी
*गंजबासौदा।* नौ दिन तक स्थानीय मानस भवन में चले अनूठे, भव्य और दिव्य आयोजन के दौरान शिव भक्तों ने ना केवल तन्मय होकर धर्म के प्रति भक्ति भाव का परिचय दिया बल्कि उनमें राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव भी देखने मिला। किसी भक्त ने रुद्री निर्माण के दौरान राष्ट्रध्वज बनाकर उसके बीच में शिवलिंग को स्थापित किया तो किन्हीं भक्तों ने अंतिम दिन सुंदर और मनमोहक छोटी-छोटी दूरियों रूद्रियों से भारत का नक्शा बनाकर उसमें 12 ज्योतिर्लिंगों के एक साथ दर्शन करा दिए। रविवार को सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग और 12 ज्योतिर्लिंग के अभिषेक पूजन और हवन के साथ महा आयोजन की पूर्ण आहुति हुई। अंतिम दिन सुबह 6 बजे से ही पार्थिव शिवलिंग बनाने भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग का आंकड़ा शनिवार को ही पूर्ण हो गया था। पूर्णाहुति के मौके पर विशाल भंडारे का आयोजन भी संपन्न हुआ जिसमें संतों सहित हजारों भक्तों ने भोले बाबा की महा प्रसादी ग्रहण की देर रात तक चलती रही।
मालूम हो कि 22 जुलाई से 30 जुलाई तक स्थानीय मानस भवन में मूड़रीधाम के महंत 108 परशुरामदास महाराज द्वारा 2017 के बाद इस साल दूसरी बार भव्य आयोजन किया गया था। 19 साल बाद अधिक मास में पड़े सावन के इस दुर्लभ संयोग में शामिल होने के लिए मानस भवन में शहर और ग्रामीण क्षेत्र का ऐसा कोई वर्ग नहीं बचा जो आयोजन में शामिल होकर शिव भक्ति में ना डूबा रहा हो। 9 दिन तक चले इस आयोजन में पूरा शहर शिवमय बना रहा। कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर में महाकाल की भव्य सवारी के साथ निकली कलश यात्रा ने अलग छंटा बिखेरी। विभिन्न तीर्थ क्षेत्रों से आए साधु,संत महामंडलेश्वरों ने कार्यक्रम में शामिल होकर शोभा बढ़ाई।
*12 ज्योतिर्लिंग के दैनिक यजमानों ने किया पूजन अभिषेक*
रविवार को 12 ज्योतिर्लिंग के दैनिक यजमानों ने काशी बनारस से आए वेद पाठी ब्राह्मणों के आचार्य पंडित ओम प्रकाश शर्मा के आचार्यतत्व में में शिव अभिषेक पूजन किया। रविवार को 12 ज्योतिर्लिंग के दैनिक मुख्य यजमान विधायक लीना जैन संजय टप्पू, नपा उपाध्यक्ष संदीप ठाकुर, जनपद सदस्य देवेंद्र सिंह रघुवंशी देबू, पार्षद मनीष विश्वकर्मा, कांग्रेस नेता राजेश माहेश्वरी,मनीष अरोरा,एडवोकेट सुरेंद्र रघुवंशी मेवली, गिरिराज वेदांत महिला मंडल, पत्रकार देवेंद्र रघुवंशी, सुजान सिंह मीणा, सुरेश गुर्जर, गब्डू नाहें, राजेश शर्मा, मदन सिंह मूड़री, वीरेंद्र सिंह जमानिया के अलावा आयोजन के प्रधान यजमान निर्वेश मीणा ने सपरिवार ज्योतिर्लिंग का अभिषेक पूजन किया।


