कटनी (28 जुलाई)- प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जिले भर में पात्र हितग्राहियों को चयन के उपरांत लाभान्वित कराए जाने का सिलसिला जारी है। इसके बावजूद कुछ हितग्राहियों द्वारा प्राप्त किस्तों की राशि का दुरुपयोग कर आवास पूर्ण नहीं कराए जा रहे हैं। जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने सख्ती बरतते हुए ऐसे हितग्राहियों को चिन्हांकित करते हुए अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराने अथवा राशि का दुरुपयोग करने वाले हितग्राहियों से राशि वसूली की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए थे। फलस्वरूप जनपद पंचायत कटनी के सीईओ के प्रस्ताव पर अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) ने ऐसे 37 हितग्राहियों को नोटिस जारी किए थे। इसके पश्चात आज हितग्राहियों ने पेशी में उपस्थित होकर शीघ्र आवास पूर्ण कराए जाने हेतु अधिकारियों को आश्वस्त किया। पेशी के दौरान अपना पक्ष रखते हुए कुछ हितग्राहियो ने प्राप्त राशि को अन्य प्रयोजनों में खर्च होना जैसे बेटी की शादी में खर्च, किसी ने बड़ा आवास बनाया जाना बताया। कुछ हितग्राहियों ने सगे संबंधियों, परिजनों और मित्रों से आर्थिक सहायता प्राप्त कर आवास पूर्ण कराने हेतु एक माह का समय चाहा। अधिकारियों ने हितग्राहियों से वांछित समय में अपूर्ण आवासों को निर्धरित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराए जाने हेतु निर्देशित किया।


