रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। आगामी त्योहारों को लेकर जिले भर में थानों में पुलिस विभाग द्वारा अधिकारियों के साथ क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को भी पुलिस अनुभाग इटारसी के अंतर्गत पथरोटा थाना में नायब तहसीलदार दीप्ति चौधरी सहित पथरोटा थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पथरोटा थाना अंतर्गत क्षेत्र ग्रामीण अंचलों से आए संभ्रांत नागरिकों सहित कोटवारों की मौजूदगी में आगामी त्योहारों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान अधिकारियों द्वारा ग्रामीण अंचलों में मोहर्रम सहित अन्य त्योहारों को लेकर होने वाली व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। साथ ही इस बात की जानकारी ली गई कि क्षेत्र में अनजान चेहरे और ऐसे लोगों की निगरानी और सूचना दी जाए जो संदिग्ध परिवार क्षेत्र में अचानक आकर बस गए हैं या उनके आचार व्यवहार में कुछ अंतर नजर आ रहा है। इस दौरान तिलक सिंदूर मंदिर के पास जंगल में मौजूद झरने में बारिश में नव युवकों के जाने पर रोक लगाई जाए। पूर्व में यहां पर हुई दुर्घटना में दो युवकों की मृत्यु भी हो चुकी है। ऐसी भी जानकारी दी गई। जिस पर अधिकारियों द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत को निर्देशित करने की बात कही गई कि वहां झरने पर प्रतिबंधित होने का सूचना बोर्ड लगाया जाएगा। इस दौरान नायब तहसीलदार द्वारा जानकारी ली गई कि बारिश के दौरान किन पंचायतों में जलभराव की समस्या है उस पर भी जानकारी दी जाए जिससे उसका निराकरण कराया जा सके। टीआई संतोष सिंह चौहान ने बताया कि बारिश के दिनों में सबसे ज्यादा घटनाएं सर्पदंश की आ रही है। इन दिनों ग्रामीणों को बारिश में खेत और सड़क पर चलने के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए। किसी के साथ कोई सर्पदंश की घटना होने की स्थिति में प्रशासन से आर्थिक सहायता भी समय पर मिल सके।
