कटनी। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लगातार प्रदेश में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन, मानदेय तथा सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की जा रही है, जिसकी लगातार घोषणाएं की जा रही है और उस पर अमल भी शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा विगत दिवस कर्मचारियों के हित और कल्याण के लिए कई तरह की सौगातें दी गई हैं। जिसमे राज्य के कर्मचारियों को केंद्र के समान 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। जनवरी से जून तक महंगाई भत्ते का एरियर 3 समान किस्तों में दिया जाएगा। 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता जुलाई माह के वेतन में जुडक़र मिलेगा, जो कि अगस्त माह से दिया जाएगा। छठवां वेतनमान प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी समानुपातिक वृद्धि होगी। 1 जुलाई 2023 तक सेवा के 35 वर्ष पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को चतुर्थ समयमान वेतनमान मिलेगा। इसके पूर्व प्रदेश की संविदा कर्मचारियों को शासकीय कर्मचारियों के समान सुविधाएं एवं वेतनमान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि, कर्मचारियों के समान अवकाश की सुविधाएं, स्वास्थ्य बीमा और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त राशि प्रदान करने के साथ ही रोजगार सहायकों की मानदेय में अप्रत्याशित वृद्धि जैसी अनेक सौगातें प्रदान की गई। कर्मचारियों के हित में अनेक निर्णय पर लिए जाने से कर्मचारी जगत में खुशी की लहर है। राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल, प्रदेश मंत्री ओ पी सोनी, वन प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष अनिल मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह राणा, बी डी तिवारी, प्रशांत चन्पुरिया, एस एन पाल, जिला सचिव धीरेन्द्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष एस के दत्ता, आर पी परौहा, सूर्यकांत परौहा, रामेश्वर तिवारी, प्रवीण पांडे, कल्पना खान, डॉ. एम एस चंदेल, श्रीमती ज्योति बर्मन, के सी कछवाह, सुनील हल्दकार, लाड़ले पटेल, महेन्द्र राय एवं ललित रजक ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वित्त मंत्री जयंत मलैया, मुख्यमंत्री सलाहकार शिव चौबे, कर्मचारी कल्याण अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।


