कटनी (16 जून )- जिले के प्रमुख स्मारकों एवं पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने एवं पर्यटन की संभावनायें तलाशनें तथा पर्यटन से संबंधित अन्य विषयों पर चर्चा हेतु शुक्रवार को कलेक्टर अवि प्रसाद की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिशिर गेमावत भी मौजूद रहे।
बैठक में पी.पी.टी के माध्यम से जिले के प्रमुख स्थलों मॉ जालपा देवी मंदिर, जागृति पार्क, सुरम्य पार्क, झिंझरी स्थित चितरंजन शैल वन पार्क, एकांत पार्क, पीरबाबा स्थित हनुमान जी का मंदिर, बडेरा स्थित चर्तयुग मंदिर, घुघरा गांव का झरना एवं संजय निकुंज नर्सरी, बिलहरी पुष्पावती नगर, शहडार का जंगल, ढीमरखेडा करौंदी स्थित देश का भोगोलिक केन्द्र बिन्दु, विजयराघवगढ़ का किला, शारदा माता मंदिर, पचमठा घाम, कारीतलाई का विष्णु बाराह मंदिर, बडवारा भुडसा ग्राम का संगम घाट, बरही स्थित कौनिया धाम, विजयनाथ घाम मंदिर, खितौली ग्राम का सघन वन क्षेत्र, रीठी तहसील का मोहास मंदिर, बांधा इमलाज मंदिर, वसुधा फाल, सुरसा गांव की प्राकृतिक वादियां एवं कुंड, ढीमरखेड़ा तहसील स्थित विरासनी माता मंदिर, बडवारा का कुडिया धाम एवं बहोरीबंद का रूपनाथ मंदिर सहित अन्य स्थलों पर पर्यटन की संभावनायें तलाशनें हेतु विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा वन विभाग के अधिकारियों को चितरंजन शैल वन एवं एकांत वन को आम नागरिकों हेतु खोलनें के साथ ही माधनगर स्थित जागृति पार्क में नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए ओपन जिम के स्थल को बड़ा किये जाने हेतु नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए गए। कलेक्टर अवि प्रसाद ने बच्चों की सुविधा हेतु जागृति पार्क के साइंस पार्क मे व्यवस्थाएं सुदृण करानें हेतु केल्ड्रीज इंडिया प्राईवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि को कहा गया।
शहडार के जंगल में टूरिज्म की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए अनुभूति कार्यक्रम के तहत बच्चों को सफारी करानें एवं केल्ड्रीज इंडिया प्राईवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि को सी.एस.आर मद से जिप्सी एवं सायकिल की व्यवस्था करानें के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि आगामी दिनों बरसात के मौसम मे वसुधा वाटर फाल नागरिकों की भीड को दृष्टिगत रखते हुए पहुंच मार्ग पेवर ब्लाक के माध्यम से सुदृण किया जावे।
कलेक्टर श्री प्रसाद नें कहा कि पर्यटन स्थलों की लधु फिल्म बनानें हेतु आवश्यक राशि का प्रावधान किया जावें। आमजनों को जिले के पर्यटन स्थलों के नाम एवं दूरी संबंधी जानकारी सरलता से प्राप्त हो सके इस हेतु नगर निगम की एल.ई.डी स्क्रीन तथा रेल्वे स्टेशन एवं बस स्टेण्ड के आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन स्थलों का प्रचार- प्रसार सुनिश्चित किया जाये।
बैठक के दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी, जिला शिक्षा अधिकारी पृथ्वी पाल सिंह, नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे,कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग हरि सिंह, कार्यपालन यंत्री आर.ई.एस जे.पी.बघेल, अध्यक्ष मानव जीवन विकास समिति के अध्यक्ष निर्भय सिंह, सहित वन विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही।


