रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय नर्मदापुरम की भाजपा शासित नगरपालिका परिषद् में पिछले दिनों से कुछ ठीक नहीं चल रहा है। परिषद में भी पार्षदों के बीच अपने अधिकारों को लेकर विवाद हैं जो पूर्व में सामने आ चुके हैं। इसी प्रकार नेता प्रतिपक्ष द्वारा नगरपालिका सफाई कर्मचारियों के लिए ड्रेस वितरण में निम्न स्तर खरीदी की शिकायत अध्यक्ष महोदया से की जा चुकी है। क्रय की गई सामग्री सहित संचालित योजनाओं की सूचना पार्षदों को नहीं किए जाने की शिकायत पूर्व में हो चुकी है। अब नगर पालिका परिषद में वार्ड क्रमांक 6 के भाजपा पार्षद राजेंद्र उपाध्याय ने कलेक्टर से नगर पालिका में पदस्थ सहायक यंत्री महेंद्र सिंह तोमर की गंभीर शिकायत कर वार्ड में विकास कार्य नहीं कराए जाने संबंधी आरोप भी लगाए हैं। पार्षद श्री उपाध्याय का आरोप है कि नगरपालिका में खरीदी हेतु की जाने वाली निविदा टेंडर प्रक्रिया का 3 वर्षों से पालन सहायक यंत्री महेंद्र सिंह तोमर द्वारा नहीं किया जा रहा है। उनके द्वारा स्थानीय स्तर पर मनमाने मूल्यों पर सामग्री की खरीदी कर शासन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। बिल पास कराए जा रहे हैं इस बात की भी जानकारी नगरपालिका में नहीं है कि उक्त सामग्री कब क्रय की गई और कहां उपयोग किया गया? शहर में अमृत योजना का कार्य सहायक यंत्री महंत तोमर द्वारा देखा जा रहा है। श्री उपाध्याय ने आरोप लगाए कि शहर में ट्यूबवेल से पानी सप्लाई की जा रही है जबकि अमृत योजना के तहत टेंडर प्राप्त कंपनी को फिल्टर प्लांट से पानी की टंकियों के माध्यम से घर-घर जल पहुंचाना चाहिए। परंतु शहर में नगर पालिका द्वारा ट्यूबवेल के माध्यम से पेयजल की सप्लाई की जा रही है। जिससे आर्थिक नुकसान नगरपालिका को हो रहा है।
इसी प्रकार वॉर्ड क्रमांक 06 में जिला अस्पताल के सामने स्थित गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए पांच लाख की राशि स्वीकृत की गई थी ठेकेदार अंकुर जैन को वर्क आर्डर दिया गया है। उसके बावजूद आज दिनांक तक कार्य का शुभारंभ नहीं हो सका है। इस संबंध में सब इंजीनियर महेंद्र तोमर द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। इसी प्रकार इंदिरा चौक स्थित शासकीय पार्किंग के क्षतिग्रस्त होने पर उसकी रिपेयरिंग के लिए एक लाख की राशि स्वीकृत की गई थी, ठेकेदार राजेश पटेरिया द्वारा अभी कोई कार्य नहीं किया गया है जबकि उनको वर्क आर्डर दिया गया है।इस संबंध में सहायक यंत्री महेंद्र द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है और ना ही वर्क आर्डर निरस्त किया गया है। इस तरीके से ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है। इस प्रकार के गंभीर आरोप पार्षद राजेंद्र उपाध्याय द्वारा लगाए गए हैं। इसी प्रकार उनके द्वारा अवगत कराया गया कि उनके वार्ड 6 में 20 लाख की राशि विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत हुई है। छतरपुर की जेवी कंस्ट्रक्शन कंपनी को ऑनलाइन ठेका प्राप्त हुआ है। कंपनी द्वारा अमानत राशि जमा कर दी गई है लेकिन सहायक यंत्री तोमर द्वारा कंपनी को वर्क आर्डर नहीं दिया गया है और कमीशन के रूप में राशि की मांग की जा रही है। पार्षद राजेंद्र उपाध्याय का आरोप है कि काम के बदले उनसे 20% कमीशन मांगा जा रहा है। इसी प्रकार कई अन्य गंभीर आरोप भी पार्षद श्री उपाध्याय ने लगाए हैं। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि सहायक यंत्री पर लगाए गए संपूर्ण आरोपों की जांच होकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाए। सहायक यंत्री महेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शिकायत के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।शिकायत आती है तो वह देखेंगे। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो रही है और अभी वर्क आर्डर नहीं दिया गया है जो आरोप लगाए गए हैं वह बेबुनियाद है।
