कलेक्टर की तत्परता और सजग प्रयासों से भीषण गर्मी के बावजूद जिले में पहली बार नहीं बनी जल संकट की स्थिति
कटनी। भीषण गर्मी के इस मौसम में पहली बार कटनी जिले की जनता को पेयजल की समस्या से नहीं जूझना पड़ रहा है। कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा जिले में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं साथ ही सतत निगरानी रखी जा रही है। पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत मिलने पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा संबंधित विभाग के माध्यम से तत्काल इन समस्याओं का निराकरण कराया जा रहा है। इसी क्रम में विगत दिवस ग्राम पंचायत झरेला में पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत कलेक्टर श्री प्रसाद के समक्ष सामने आई थी। जिसपर कलेक्टर एवम् जिला जल व स्वच्छता समिति अध्यक्ष श्री प्रसाद द्वारा महाप्रबंधक मध्य प्रदेश जल निगम मर्यादित परियोजना इकाई जबलपुर को इसके निराकरण के निर्देश दिए गए थे।
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश के परिपालन में कार्यालय महाप्रबंधक मप्र जल निगम मर्यादित परियोजना इकाई जबलपुर द्वारा शिकायत के निराकरण हेतु संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया गया। ठेकेदार के द्वारा गांव में लूप लाइन बिछाकर कार्य पूर्ण कर दिया गया। जिससे अब समूचे गांव में पेयजल प्रदाय प्रारंभ कर दिया गया है। वर्तमान में ग्राम झरेला के सभी नल कनेक्शनाे में नियमित पानी आने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। साथ ही अपनी समस्या का अविलंब निराकरण कराए जाने पर कलेक्टर श्री प्रसाद का आभार व्यक्त किया है।
*चालू कराया गया नगर निगम का वाटर कूलर*
नगर निगम कार्यालय का वाटर कूलर बंद पड़ा होने से अपने कार्य हेतु नगर निगम कार्यालय जाने वाली आम जनता को पीने का पानी उपलब्ध न होने संबंधी एक समाचार के संज्ञान में आने पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने तत्काल इसके निराकरण के निर्देश आयुक्त नगर निगम को प्रदान किए थे। कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर आयुक्त नगर निगम द्वारा तत्काल वाटर कूलर में सुधार कार्य कराया गया। जिससे अब नगर निगम कार्यालय में पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है।