कटनी ( 09 मई )- कलेक्टर अवि प्रसाद ने कर्नाटक राज्य के बैंगलोर जिले के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कटनी जिले के इमलिया निवासी श्रमिक दीपक भुमिया के गुमशुदा होनें के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करनें का आग्रह किया है।
कलेक्टर श्री प्रसाद को कमल भुमिया निवासी ग्राम ईमलिया थाना माधवनगर नें आवेदन दिया कि उसका पुत्र दीपक भुमिया उम्र 25 वर्ष को फिरोज अहमद पिता कबीर खान द्वारा सीमेंट ईट की मेटालाईट कंपनी में कार्य करवानें हेतु हाथीवेली, बैंगलोर ले जाया गया था। दीपक विगत 03 जून से कार्यस्थल से गुमशुदा है आज तक कोई संपर्क अथवा पता नहीं चल पा रहा है। इस संबंध में कंपनी एवं संबधित ठेकेदार द्वारा भी आज दिनांक तक किसी भी प्रकार की स्पष्ट जानकारी मौखिक या लिखित रूप मंे प्रदाय नहीं की जा रही है।
कलेक्टर श्री प्रसाद के संज्ञान में मामला आते ही उन्होंने तत्काल पुलिस कमिश्नर बैंगलोर, कर्नाटक को पत्र लिखकर श्रमिक दीपक भुमिया का आधार कार्ड सहित अन्य विवरण भेजकर आवश्यक कार्यवाही करते हुए कृत कार्यवाही से अवगत कराने का आग्रह किया है।


