कटनी। 1500 वर्ग फुट जमीन देने के नाम पर विक्रय नामा कराते हुए एक प्रॉपर्टी ब्रोकर ने एक व्यक्ति से साढ़े 6 लाख ले लिए लेकिन उसके बाद रजिस्ट्री कराने के नाम पर आनाकानी करने लगा। लगभग 2 साल से रजिस्ट्री के लिए आनाकानी किए जाने से परेशान पीड़ित ने कार्रवाई की आस लेकर पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है।
घटना की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता दिनेश गाडेकर ने बताया कि 16 दिसंबर 2020 को गोपाल नगर दुबे कॉलोनी निवासी अजय बड़गैया ने उसे कैलवारा खुर्द में 1500 वर्ग फुट जमीन दिखाते हुए 825000 रुपए में सौदा तय किया। धीरे-धीरे करके उसने दिनेश से लगभग 650000 रुपए ले लिए लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। जब भी दिनेश ने अजय बड़गैया से जमीन की रजिस्ट्री करने को कहा तो उसने कोई ना कोई बहाना बनाकर टाल दिया।
जमीन की रजिस्ट्री कराने को लेकर पिछले 2 साल से दिनेश उसके चक्कर काटता रहा लेकिन ना तो उसने रुपए लौटाए और ना ही जमीन की रजिस्ट्री कराई। ना रुपए मिले और ना जमीन, ऐसी हालत में परेशान दिनेश ने आज पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन को लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए प्रॉपर्टी ब्रोकर के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध करने की मांग की है।


