कटनी। महिला कृषक राजकुमारी पति डुमारी लाल चौधरी ग्राम हड खोहरी विकासखंड विजय राघव गढ़ की निवासी है। कृषक के पास 4 एकड़ सिंचित भूमि है जिसमें मूंग उड़द धान गेहूं एवं सब्जियों की खेती करती है। राजकुमारी ने आत्मनिर्भर स्वावलंबन एवं स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ग्राम की महिलाओं को एकत्रित कर लक्ष्मी स्व सहायता समूह बनाया जिसकी वह सचिव है। मध्यप्रदेश शासन ग्रामीण आजीविका मिशन ने भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कटनी में राजकुमारी को कम लागत तकनीकी के अंतर्गत कृषि सखी का प्रशिक्षण दिलवाया। जहां जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती के अंतर्गत ग्राम में उपलब्ध संसाधनों से विभिन्न जैविक खाद एवं कीटनाशकों को बनाने तथा फसलों में उपयोग का प्रशिक्षण दिया प्रशिक्षण के पश्चात राजकुमारी ने ग्राम में स्व सहायता समूह की महिलाओं को भू नाडेप खाद को बनाने का प्रायोगिक प्रदर्शन किया। जैविक खादों का उपयोग विभिन्न फसलों में करने से लागत में कमी तथा बाजार पर निर्भरता कम होगी। भू नाडेप खाद निर्माण के लिए गोबर एवं कचरा एकत्रित कर उसे गीला कर मिट्टी से छपाई कर कुछ छेद कर देते हैं। 4 माह में खाद तैयार हो जाती है। प्रशिक्षण में रानी यादव अंजली चौधरी रेखा चौधरी अर्चना यादव ज्ञान बाई यादव पानबाई यादव पूजा यादव शकुंतला यादव एवं महिलाएं उपस्थित रही।


