कोठी के दस परिवारों की महिलाएं होंगी आर्थिक रूप से सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर
कटनी (27 मई)- कलेक्टर अवि प्रसाद के निर्देश पर महात्मा गांधी पशुधन विकास उपयोजना के तहत मनरेगा योजना से विकासखंड ढीमरखेड़ा के ग्राम कोठी के दस स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों को पोल्ट्री शेड निर्माण कराए जाने हेतु जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने त्वरित कार्यवाही हेतु जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित किया था। जिसके फल स्वरूप ग्राम कोठी में पोल्ट्री शेड निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। तकनीकी अधिकारियों द्वारा लेआउट प्रदान कर निर्माण प्रक्रिया आरंभ है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री प्रसाद एवं सीईओ श्री गेमावत ने विकासखंड ढीमरखेड़ा की ग्राम कोठी का गत दिनों भ्रमण किया था और इस दौरान ग्रामीणों ने पशुधन की सुरक्षा और आजीविका हेतु पोल्ट्री शेड निर्माण की मांग की थी। ग्रामीणों की मांग को सुनकर कलेक्टर श्री प्रसाद ने पोल्ट्री शेड निर्माण हेतु कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। इससे ग्राम कोठी के स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों को पशुपालन, कुक्कुट पालन के माध्यम से आजीविका के स्रोत उपलब्ध होंगे। दूरस्थ ग्राम कोठी की शांति,नीराजू , सुषमा, लक्ष्मी, ललता, सरस्वती, कुवरिया, मेशो ,आरती और रेशमी बाई महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर हो सकेंगी और परिवार के जीवन यापन और भरण पोषण का सहारा बन सकेंगी। आर्थिक संबल मिलने से उच्च स्तर का जीवन यापन और बच्चों की शिक्षा दीक्षा में सहूलियत मिल सकेगी। जिसके लिए लाभार्थी महिलाओं ने जिला प्रशासन का आभार एवं धन्यवाद जताया है।
