गंज बासौदा से मुकेश चतुर्वेदी
आज से विधिवत शुरू होगा पाराशरी नदी का गहरीकरण और सौंदर्यीकरण
गंजबासौदा। पाराशरी नदी के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण की ओर अब काम किया जाना प्रारंभ हो चुका है। शुक्रवार के दिन नदी में एक पोकलेन, दो जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर ट्रॉलियों की मदद से नदी में जमी मिट्टी के ढेर को नदी से दूर करवाया गया। अब शनिवार के दिन विधिवत इस काम को पूजन अर्चन पश्चात तेजी से किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 8:00 पाराशरी नदी पर रखा गया है। जिसमें नगर पालिका प्रशासन ने सभी को आमंत्रित किया है।
कुछ दिन पूर्व ही एसडीएम विजय राय ने पाराशरी नदी का निरीक्षण करते हुए इसका सौंदर्यीकरण और गहरीकरण कराए जाने के निर्देश नपा सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर को को दिए थे। जिसके बाद नपा प्रशासन हरकत में आ गया है और शनिवार से इसका विधिवत शुभारंभ कर दिया जाएगा।
शुक्रवार के दिन एसडीएम विजय राय, नपा सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव, नपा सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर, तहसीलदार मनीष जायसवाल, सुरेंद्र दांगी, विजय अग्रवाल, प्रमोद राजपूत सहित अन्य नपाकर्मियों ने पाराशरी नदी पहुंचकर वहां कराए जाने वाले गहरीकरण कार्य की योजना बनाई। वही पाराशरी नदी में एकत्रित मिट्टी के ढेर को पोकलेन और जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर ट्राली में भरवाकर दूर डलवाया गया।
सभी के सहयोग से होगा यह कार्य
नगर पालिका परिषद के अलावा पंचतत्व संस्था, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी संस्थाएं, जनप्रतिनिधिगण, बासौदा को जिला बनाओ समिति, युवा वर्ग इस कार्य में अपना सहयोग प्रदान करेंगी। नप अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव ने बताया कि यह कार्य जन सहयोग के माध्यम से कराया जा रहा है। उन्होंने सभी से पाराशरी नदी को पुराने अस्तित्व में लाने के लिए उक्त कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
उल्लंघन करने वालों पर की कार्रवाई
नगर पालिका सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर ने नपा अमले के साथ सड़क के दोनों ओर डलवाई गई लक्ष्मण रेखा के बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। इस मौके पर सड़क पर हाथ ठेला लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं को समझाइश देकर नियत स्थान पर ही अपना व्यवसाय कराए जाने के निर्देश दिए गए। अब यह कार्रवाई प्रतिदिन इसी तरह जारी रहेगी। ताकि जाम, दुर्घटना से बचा जा सके और यातायात व्यवस्था में गड़बड़ी न हो।
