कटनी(14 मई )- कलेक्टर अवि प्रसाद ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र में फसल उत्पादकता बढ़ाने के नवाचारों और उन्नत बीजों से संबंधित शोध एवं अनुसंधान जिले के किसानों के खेतों तक पहुंचे। श्री प्रसाद ने यह बात कृषि विज्ञान केंद्र के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कही।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रक्षेत्र का भ्रमण कर ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने संपूर्ण प्रक्षेत्र के लिए फेंसिंग की वास्तविक स्थिति का भी अवलोकन किया। कलेक्टर श्री प्रसाद को कृषि वैज्ञानिक डॉ आर के मिश्रा और डॉ संदीप कुमार चंद्रवंशी कृषि विज्ञान केंद्र में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ ए.के. तोमर के मार्गदर्शन में यहां किसानों की जानकारी देने के लिए किए जा रहे अनुसंधान कार्यों की जानकारी दी।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने प्रक्षेत्र का भ्रमण कर इकाइयों का भी निरीक्षण किया। साथ ही आगामी कार्य योजना पर वैज्ञानिकों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान तहसीलदार आशीष अग्रवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
