कटनी ( 11 मई )- कलेक्टर अवि प्रसाद ने गुरुवार को तहसील विजयराघवगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत जिजनौड़ी पहुंचकर पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला के सामने स्थित हेण्डपंप से पेयजल उपलब्धता की जानकारी ली तथा 11.5 लाख रुपए की लागत से घर-घर पेयजल आपूर्ति हेतु कराए गए कार्य का जायजा लिया।
इस दौरान आदिवासी मोहल्ला में संतु भुमिया एवं सुनिया बाई भूमिया के घर पहुंचकर नल के माध्यम से हो रही पेयजल आपूर्ति का निरीक्षण कर पेय जल सप्लाई के संबंध में जानकारी ली जाकर पेयजल का अपव्यय न करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान ग्राम में ही 5-5 हजार लीटर की दो टंकियों को रखकर पेयजल आपूर्ति करने हेतु प्रारंभ किए गए स्ट्रक्चर निर्माण कार्य का जायजा लिया जाकर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा घर-घर प्रदाय किए गए नल कनेक्शनों की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। क्षेत्रीय नागरिकों की मांग पर आंगनवाड़ी आरोग्य केंद्र का निरीक्षण किया जाकर आरोग्य केंद्र की मरम्मत कराए जाने के निर्देश कलेक्टर श्री प्रसाद ने दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रिया चंद्रावत, जनपद पंचायत सीईओ केके पांडे, तहसीलदार नेहा जैन, चंद्रपाल इनवाती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
