नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह का आयोजन जनपद पंचायत नर्मदापुरम के तत्वावधान में बुधवार को कृषि उपज मंडी परिसर में किया गया। जिसमें 156 जोड़ों का विवाह संस्कार विधि विधान से हुआ। इस मौके पर सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह, नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, सिवनीमालवा विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, जनपद अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसे, नपाध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, अभय वर्मा, श्रीमती माया नारोलिया, श्री भगवती चौरे, पीयूष शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री एसएस रावत, एसडीएम श्री आशीष कुमार पांडे, जनपद सीईओ श्री हेमंत सूत्रकार सहित जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, पार्षद, वर वधु उनके परिजन सहित ग्रामीण व शहरी क्षेत्र से आए हुए हजारों लोग शामिल रहे। स्वागत भाषण जनपद अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसे नेे दिया।
इस मौके पर सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने वर वधुओं को आशीर्वाद देते हुए मंगल कामना करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में कन्या विवाह योजना के तहत आज जिन बेटे-बेटियों का विवाह हुआ है उन्हें आगे की जिन्दगी अच्छे से गुजारना हैै। हर माता पिता को अपनी बच्चों के विवाह की खुशी होती है। ऐसे आयोजन जिसमें सबको समाहित किया गया है इससे और अधिक खुशी होती है। इस योजना के तहत बेटी के नाम से 49 हजार का चेक दिया जा रहा है। उन्होंने वर पक्ष के लोगों से कहा कि आपके परिवार में एक सदस्य और बढ़ा है उसे प्रेम से रखें। वहीं वधु से कहा कि अपने माता पिता को छोड़कर एक नए परिवार में पहुंच रही हैं पति के माता पिता के रूप में दूसरे माता पिता मिल रहे हैं वहां परिवार के सभी बुजुर्गाें का आदर करें। सम्मान दें, खुशियां बांटे। नई जीवन की शुरुआत अच्छे से हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री Shivraj Singh Chouhan के द्वारा शुरू की गई कन्या विवाह योजना श्रेष्ठ व अच्छी योजना है।
सभी जोड़े समाज व राष्ट्र उत्थान में योगदान दें- विधायक डॉ शर्मा-
विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा जिस भावना से कन्या विवाह योजना शुरू की गई है यहां पर उनकी भावना के अनुरूप सामूहिक विवाह कार्यक्रम साकार रूप ले रहा है। जिनका आज विवाह हो रहा है उनके लिए मंगल कामना सभी जोड़े जीवन में उन्नति करें, समाज व राष्ट्र उत्थान में योगदान दें।
सदा खुश रहो ये दुआ है हमारी- विधायक श्री वर्माही
सिवनीमालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि कन्यादान विवाह योजना अनूठी योजना है। सभी नए जोड़े नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं। वर-वधू हमेशा सुखी रहें। स्नेह प्रेम से रहें। इस अवसर पर उन्होंने एक गीत का मुखड़ा गाते हुए कहा कि मुबारक हो तुमको ये शादी तुम्हारी सदा खुश रहो ये दुआ है हमारी।
जोरदार निकली बारात –
मंडी परिसर में विवाह की व्यवस्थाएं पिछले तीन दिनों से हो रही थी। अलग-अलग शेडों में अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई। एक शेड से बारात निकालने की पूर्व से तैयारी की गई थी। एक बार में एक साथ 54 दूल्होंं की बारात बाईक पर निकाली गई। उनके मुख्य शेड में पहुंचने पर द्वारचार किया गया। मंगल गीत गाए गए। इसी के साथ विवाह मंडप को अच्छे से सजाया गया था। जहां एक साथ 50 जोडों का विवाह संस्कार गायत्री परिवार हरिद्वार से आए आचार्य रघुनाथ प्रसाद हजारी के द्वारा वेद मंत्रोच्चार के द्वारा पूजन अर्चन व विवाह संस्कार कराया गया। मंडप में सभी बेदियों के पास गायत्री परिवार के उपाचार्य मौजूद थे जो विवाह संस्कार में सहयोग करा रहे थे।
वधुओं को किया चेक वितरण-
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के मौके पर अतिथियों के द्वारा वधुओं को 49 हजार रुपये के चेक का वितरण किया गया। वधुओं को वर के साथ बैठने के लिए अलग से मंचीय व्यवस्था की गई थी जहां अतिथियों ने पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद दिया।
गर्मी को देखकर की गई व्यापक व्यवस्थाएं –
कन्यादान विवाह योजना के बेहतर आयोजन के लिए मंडी प्रांगण को बहुत अच्छे से सजाया गया। पर्याप्त मात्रा में कुर्सी, तीखी गर्मी को ध्यान में रखते हुए शीतल पेयजल की व्यवस्था, तथा बड़ी संख्या में कूलर पंखे की व्यवस्था की गई। अलग-अलग मंच, बेदी निर्माण, पार्किंग, भोजन, पेयजल, कानून व्यवस्था, साफ सफाई, चेक वितरण, आदि की व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की गई।
