कटनी (02 मई) – पोषण पखवाड़ा एंट्री में निर्धारित लक्ष्य से करीब 3 गुनी एंट्री दर्ज कर कटनी जिला समूचे मध्यप्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा। जिले को मिली इस उपलब्धि के लिए कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद ने महिला एवम् बाल विकास विभाग व समाज कल्याण विभाग की पूरी टीम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की मंशा अनुरूप कुपोषण के खिलाफ मुहिम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जाता है। जिसका मूल उद्देश्य जन आंदोलन और जन भागीदारी के माध्यम से पोषण के महत्व के बारे में जागरूकता वृद्धि और खाने की स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देना है।
इन गतिविधियों का हुआ संचालन
ष्सभी के लिए पोषणरू एक साथ, स्वस्थ भारत की ओर।ष् थीम पर कटनी जिले के 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों में 17 अप्रैल से 1 मई तक पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया गया। जिसमें कुपोषण को दूर करने के लिए एक मूल्यवान संपत्ति के रूप में श्री अन्न को लोकप्रिय बनाने, मोटे अनाज आधारित खाद्य पदार्थों को पूरक पोषण से जोड़ने घर घर तक पहुंचने, आहार परामर्श शिविर आयोजित करने, अच्छे पोषण, अच्छे स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती के लिए प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना पैदा करके परिभाषित मानकों के अनुरूप स्वस्थ बालक की पहचान करना और इसका उत्सव मनाना, आंगनबाडि़यों को लोकप्रिय बनाने और जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाना, आंगनबाडि़यो को बेहतर पोषण, प्रारंभिक बचपन की देखभाल और शिक्षा के केंद्रों के रूप में उन्नत अवसंरचना और सुविधाओं के साथ सक्षम करना जैसी गतिविधियों का संचालन किया गया।
78752 गतिविधियों का था लक्ष्य
कटनी जिले को पोषण पखवाड़ा दौरान 78752 गतिविधियों की एंट्री का लक्ष्य दिया गया था। कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद के कुशल मार्गदर्शन और निर्देशन में महिला एवम् बाल विकास विभाग और समाज कल्याण विभाग द्वारा लक्ष्य के विपरीत 228488 गतिविधियों की एंट्री दर्ज की गई। निर्धारित लक्ष्य के विपरीत 290.34 फीसदी लक्ष्य हासिल कर कटनी जिला प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा।
