कटनी (21अप्रैल)- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले की सभी जनपद पंचायतों के ग्रामों में में 24 अप्रैल को रीवा के मुख्य कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री जी की गरिमामई उपस्थिति में 4.11 लाख हितग्राहियों को उनके द्वारा 22 अक्टूबर 2022 के बाद निर्मित प्रधानमंत्री आवासों में गृह प्रवेश के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें कटनी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास खंड बड़वारा से 1111, बहोरीबंद से 1649 ,ढीमरखेड़ा से 1823, कटनी से 655, रीठी से 1229 एवं विजयरावगढ़ से 889 कुल 7356 पीएम आवास हितग्राही अपने नवीन घरों में गृह प्रवेश करेंगे। जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने जनपद पंचायतों के समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में 24 अप्रैल को जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर हर्ष और उल्लास के साथ प्रत्येक आवास पर पुष्प, रंगोली, दीपक, जल कलश, श्रीफल ,कन्या पूजन, गौधन पूजन, शंखनाद, पारंपरिक वाद्य आदि के माध्यम से गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश दिए हैं। जिला सीईओ द्वारा जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत मुख्यालय पर त्रिस्तरीय पंचायतों के जनप्रतिनिधि, प्रतिष्ठित नागरिक, वरिष्ठ जन एवं सम्मानीय ग्रामीण जनों एवं हितग्राहियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने हेतु कहा गया है। सीईओ श्री गेमावत ने कार्यक्रम स्थल पर पूर्ण आवासों की समुचित साफ-सफाई, रंगाई, पुताई ,साज सज्जा एवं अन्य शेष कार्य पूर्ण कराए जाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप सत्यापन कराए जाने के निर्देश दिए हैं। सीईओ श्री गेमावत ने रीवा में आयोजित होने वाले ग्रह प्रवेश कार्यक्रम के मुख्य कार्यक्रम स्थल के सीधे प्रसारण एवं माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा वर्चुअली गृह प्रवेश कराने और मुख्यमंत्री जी सहित द्वय के उद्बोधन को देखने एवं सुने जाने हेतु आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के निर्देश दिए हैं। इस दिन हितग्राहियों के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन भी होंगे। जिसमें हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी दी जाकर पात्रता अनुसार लाभ प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने जनपद सीईओ को कार्यक्रम के दौरान आयोजित गतिविधियों की फोटोग्राफी, वीडियो क्लिपिंग कराने के साथ की गई कार्रवाई से वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराने को कहा है।
