एसपी ने थाना प्रभारी और एएसआई को किया लाइन अटैच
बड़वारा थाना क्षेत्र में एक चोरी के मामले में कार्रवाई नहीं होने से व्यथित होकर एक दम्पत्ति के जहर खाने के मामले मे एसपी अभिजीत रंजन ने थाना प्रभारी अंकित मिश्रा और एएसआई राजेश बागरी को लाइन अटैच कर दिया है।
एसपी अभिजीत रंजन ने बताया कि पूरे मामले की जांच अजाक डीएसपी रीतेश शिव को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बड़वारा थाना क्षेत्र के अंबेकडर चैक निवासी सुखीलाल के घर पर 23 मार्च को चोरी की वारदात हुई थी। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी करने मामला दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने और पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए सुखीलाल ने 17 अप्रैल को जहर खा लिया था, पति को जहर खाता देख पत्नी फगुनिया बाई ने भी जहर खा लिया।
