बेझिझक और बेहिचक होकर करें सवाल, मन में उठ रही उत्कंठा और जिज्ञासाओं का खोजें जवाब- सीईओ*
कटनी (15अप्रैल)- विक्रेता विहीन शासकीय उचित मूल्य की दुकानें स्व सहायता समूहों को आवंटित किए जाने की प्रक्रिया प्रचलन में है। ऐसी दुकानों के संचालन हेतु पात्र और सक्षम स्व सहायता समूहो का चयन शासन के दिशा निर्देशों के अनुसार किया जाकर शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के संचालन की जिम्मेदारी जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन से दुकान आबंटित करने की नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। इस हेतु प्रथम चरण में शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण सह कार्यशाला में जिन्होंने दुकानों के संचालन हेतु आवेदन किए हैं ऐसे तेईस स्वसहायता समूहों की महिलाओं को दुकानों के संचालन की प्रक्रिया और दिशा निर्देशों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विदित हो कि प्रशिक्षण में उपस्थित स्व सहायता समूहों द्वारा विक्रेता विहीन शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के संचालन हेतु आवेदन पत्र दाखिल किए गए हैं जिन्हें पात्रता अनुसार चयन के उपरांत दायित्व सौंपे जाएंगे। प्रशिक्षण सह कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने स्व सहायता समूह की महिलाओं को शासकीय उचित मूल्य की दुकानो को सुचारू एवं सफलतापूर्वक संचालन के लिए प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करने हेतु निर्देशित किया गया तथा प्रशिक्षण के दौरान
उपलब्ध कराई गई जानकारी के संबंध में भी महिलाओं से अवगत हुए। सीईओ ने कहा कि मन में उठे सवालों को बेहिचक और बेझिझक होकर प्रशिक्षण सत्र में शेयर करें, मन में उठ रही उत्कंठाओं और जिज्ञासाओं का सवालों के माध्यम से समाधान खोजें और कार्य के दौरान उपस्थित परिस्थितियों में समुचित कार्यवाही करें। शासकीय उचित मूल्य की दुकानों का संचालन शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप बेहतर तरीके से गुणवत्ता के साथ करें ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इस बात का विशेष ध्यान रखें। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक शबाना बेगम एवं कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी प्रमोद मिश्रा द्वारा प्रशिक्षण सत्र में उचित मूल्य की दुकानो के संचालन हेतु समूहों को आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया। सीईओ श्री गेमावत ने अधिकारियों और समूहों के बीच समन्वय स्थापित कर दुकानों के सुचारू संचालन हेतु निर्देश प्रदान किए। इस दौरान सीमा शुक्ला एवम् जिले के समस्त विकासखंडों के घुघरा, वसुधा, घुड़हरी, सैदा , पिपरिया गाताखेड़ा ,शाहपुर केलवारा खुर्द , पिलौंजी,बांध ,सगौना, संकुई, छुरिया, बंदरी, देवरी, करेला, कुआं, लुरमी गुड़ाकलां, उबरा, जिवारा, धनवाही, हरदुआ और पथरहटा ग्रामों के 23 सहायता समूह की महिलाओं ने प्रशिक्षण में सम्मिलित होकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
