ग्राम खुरसीपार में कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शिविर एवं राजस्व कैम्प का निरीक्षण किया। उन्होंने लाड़ली बहना योजना के पंजीयन की जानकारी ली। यहां 743 महिलाओं में से 430 का पंजीयन हो चुका है। कलेक्टर ने कहा कि अपात्र महिलाओं का पंजीयन नहीं कराया जाये। उन्होंने महिलाओं के बैंक खातों में ई- केवायसी, आधार लिंकिंग और खातों को डीबीटी इनेबल्ड कराने के लिए कहा और शिविर में मौजूद महिलाओं से चर्चा की। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण की प्रगति के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि राशि मिलने के बावजूद जो आवास नहीं बना रहे हैं, उनकी पेशी तहसीलदार न्यायालय में करायें।
कलेक्टर ने राजस्व कैम्प में राजस्व प्रकरणों, भूमि पर कब्जा, रास्ता विवाद समेत अनेक प्रकरणों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के लिए सीमांकन कराने के निर्देश दिये। ग्रामवासियों की शिकायत पर कलेक्टर ने शराब पीकर गांव में माहौल खराब करने वालों के विरूद्ध 107- 116 की कार्रवाई करने के निर्देश दिये। सुश्री बाफना ने गांव में लायब्रेरी शीघ्र तैयार करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने मनरेगा से खुली बावड़ी का जीर्णोद्धार और खेल मैदान का कार्य करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने बावड़ी में जाली लगवाने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने यहां दो डग पॉण्ड बनवाने और मछली पालन के लिए स्वसहायता समूह की महिलाओं को प्रेरित करने के निर्देश दिये, जिससे इन महिलाओं की आमदनी बढ़ सकेगी।
