कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने बुधवार को जिले के ग्रामीण अंचल का भ्रमण किया। उन्होंने ग्राम खमतरा, मुंगवानी, जेरा, करताज, मगरधा, कौंड़िया, बोहानी का भ्रमण किया। इस दौरान कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर गेहूं और चना/ मसूर की खरीदी के लिए बनाये गये उपार्जन केन्द्रों, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शिविरों और अस्पताल का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने नरसिंह एक्सेंटशन वेयर हाऊस खमतरा, पटैल वेयर हाऊस मगरधा, सेंट्रल वेयर हाऊस करताज, श्री रघुवंशी वेयर हाऊस कौंड़िया में बनाये गये उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। सुश्री बाफना ने निर्देश दिये कि उपार्जन केन्द्रों पर किसानों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिये। गेहूं और चना/ मसूर खरीदी के लिए बनाये गये उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के बैठने, छाया, पीने के पानी, प्रसाधन आदि की समुचित व्यवस्था रहनी चाहिये। खरीदी केन्द्रों पर तौल- कांटे, बारदानों की उपलब्धता, परिवहन, स्लॉट बुकिंग आदि की जानकारी सुश्री बाफना ने ली। उन्होंने कहा कि खरीदी केन्द्रों पर किसानों की सुविधा को देखते हुए सभी व्यवस्थायें की जायें। सुश्री बाफना ने निर्देश दिये कि खराब गुणवत्ता की स्कंध नहीं ली जाये। उन्होंने सेंट्रल वेयर हाऊस करताज में चना खरीदी और स्वसहायता समूह द्वारा की जाने वाली गेहूं खरीदी के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत खमतरा एवं मुंगवानी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शिविर में महिलाओं के आवेदन भरे जाने की प्रगति की जानकारी ली। ग्राम पंचायत खमतरा में पात्र 606 महिलाओं के आवेदन भरे जाना है, इनमें अपेक्षाकृत कम आवेदन भरे गये हैं। इस पर कलेक्टर ने आवेदन भरने में गति लाने के निर्देश दिये। ग्राम पंचायत मुंगवानी में पात्र 828 महिलाओं में से 296 के आवेदन भरे जा चुके हैं।
सुश्री बाफना ने ग्राम जेरा में लगभग 25 लाख रुपये की लागत राशि से बनाये जा रहे अमृत सरोवर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसकी जलधारण क्षमता 23 हजार 228 क्यूबिक मीटर एवं कैचमेंट एरिया 0.84 वर्ग किलोमीटर है। उन्होंने बारिश के पहले निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बोहानी का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटैल दवा वितरण केन्द्र में दवाईयों की उपलब्धता के बारे में पूछा। उन्होंने ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों, प्रतिमाह होने वाली डिलेवरी की जानकारी ली और लेबर रूम व पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों के लिए उपलब्ध अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं पर उन्होंने संतोष प्रकट किया। सुश्री बाफना ने कहा कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करायें कि आसपास के ग्रामों के मरीजों को बोहानी स्वास्थ्य केन्द्र में ही बेहतर उपचार मिलें।