कटनी (02 अप्रैल ) – कटनी जिले के विकासखंड रीठी के ग्राम पंचायत बरखेड़ा निवासी 24 वर्षीय अस्थिबाधित दिव्यांग अमित लोधी पंचायत भवन में बैठकर पूरे समर्पण भाव से स्वैच्छिक सेवा देकर स्वयं के लैपटॉप से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का ऑनलाइन आवेदन और ई-केवायसी करने के कार्य में पंचायत सचिव सुदामा यादव की मदद कर रहे हैं।
हाथों से जन्मजात दिव्यांग अमित लोधी के निष्काम कर्मबोध के जज्बे की सराहना करते हुए कलेक्टर अवि प्रसाद ने कहा है कि -अमित का सेवा भाव और दूसरों की मदद करने का जज्बा काबिले तारीफ है। दिव्यांगता के दंश को पीछे छोड़ कर अमित बुलंद हौसलों और मजबूत इरादों के साथ मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का फॉर्म भरवाने में स्वप्रेरणा से सहयोग कर रहे हैं, जो अनुकरणीय और सराहनीय है।
शासकीय आईटीआई बहोरीबंद से कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) की पढ़ाई कर चुके दिव्यांग अमित लोधी बताते हैं कि- वे 25 मार्च को अपनी माता श्रीमती छोटी बाई लोधी का लाड़ली बहना योजना का फॉर्म भरवाने ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे थे उस दौरान मैंने देखा कि फॉर्म भरने महिलाओं की संख्या अधिक है, ऐसे में मैंने पंचायत सचिव का सहयोग करने का निर्णय लिया और दूसरे दिन से अपना लैपटॉप लेकर पहुंच गया, तब से लगातार इस कार्य में मैं स्वेच्छा से अपनी सहभागिता निभा रहा हूं।
शासन की विकलांग पेंशन योजना का लाभ पा रहे दिव्यांग अमित बताते हैं कि वे अब तक करीब 150 ई-केवायसी और 135 ऑनलाइन आवेदन भरवा चुके हैं। अमित कहते हैं मुझे लोगों की मदद का यह कार्य कर अत्यंत खुशी महसूस हो रही है कि मैं अपने गांव वालों के लिए कुछ कर पा रहा हूं ।अमित ने कहा मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं को घर -परिवार चलाने के लिए हर माह एक हजार रूपए देने की लाड़ली बहना योजना शुरू कर बड़ा ही पुण्य का काम किया है ,इससे महिलाओं को घर खर्च चलाने में सहूलियत होगी।
