कलेक्टर ने किया मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के पंजीयन शिविर का निरीक्षण
नरसिंहपुर, 31 मार्च 2023. कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने शुक्रवार को स्टेशन गंज गयादत्त वार्ड नरसिंहपुर की नवीन व्यायाम शाला में बनाये गये मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के पंजीयन शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएससी संचालक से पंजीयन की जानकारी ली और शिविर में आई महिलाओं से चर्चा की। पंजीयन शिविर में आज पात्र महिलाओं के भरे गये आवेदन फार्मों की जानकारी ली। साथ ही ई- केवायसी, समग्र आईडी, आधार लिंक एवं बैंक खातों को डीबीटी इनेबल्ड किये जाने की जानकारी भी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी 28 वार्डों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के पंजीयन शिविर की जानकारी सफाई वाहनों के माध्यम से प्रचारित की जाये। वार्ड प्रभारी एवं जनप्रतिनिधियों का भी इस कार्य में सहयोग लें।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के संबंध में स्थानीय महिलाओं से संवाद किया और योजना में आ रही कठिनाइयों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सभी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये एवं कार्य में गति लाने हेतु निर्देशित किया।
