कटनी (17 मार्च) – कटनी जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में राष्ट्रीय क्षय उन्मुलन कार्यक्रम के तहत जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से जन जन को जोड़ने कलेक्टर कटनी द्वारा एक अभिनव पहल की गई है। जिसमें ऑनलाइन टीबी जागरूकता क्विज के माध्यम से आम जनता न सिर्फ इस अभियान से जुड़ सकेंगे बल्कि इसके तहत 50 हजार तक की पुरुस्कार राशि भी पा सकेंगे।
फाइलेरिया जागरूकता क्विज को मिला था अच्छा प्रतिसाद
फाइलेरिया दिवस के मद्देनजर जन जागरूकता लाने कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा नवाचार करते हुए फाइलेरिया जागरूकता क्विज का आयोजन किया गया था, जिसे जनता से मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस नवाचार का प्रयोग अब विश्व क्षय दिवस पर भी कलेक्टर कटनी श्री प्रसाद द्वारा किया जा रहा है। इस तारतम्य में ऑनलाइन टीबी जागरूकता क्विज का शुक्रवार को कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा आज विधिवत शुभारंभ कराया गया।
वर्ल्ड टीबी डे पर को होगा समापन
कलेक्टर अवि प्रसाद ने इस संबंध में बताया कि ऑनलाइन टीबी जागरूकता क्विज 17 मार्च की शाम 5 बजे से प्रारंभ हुई है जो विश्व क्षय दिवस 24 मार्च की शाम 5 बजे तक चलेगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वालों को टीबी से संबंधित एक शॉर्ट फिल्म को ऑनलाइन देखकर टीबी से संबंधित आसान सवालों के ऑनलाइन जवाब देने होंगे।
प्रथम स्थान अर्जित करने वाले को मिलेंगे 10 हजार
कलेक्टर श्री प्रसाद ने बताया कि इस क्विज के विजेताओं का चयन सर्वाधिक सही जवाब देने वालों की रेंडम लॉटरी निकाल कर किया जाएगा। जिसमें प्रथम स्थान अर्जित करने वाले को 10 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हजार, तृतीय स्थान अर्जित करने वाले को 3 हजार और चतुर्थ स्थान अर्जित करने वाले को 2 हजार की पुरुस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 50 विजेताओं को सांत्वना स्वरूप पांच -पांच सौ रुपए की पुरुस्कार राशि दी जाएगी। उन्होंने टीबी जागरूकता लाने बड़ी संख्या में लोगों से इस प्रतियोगिता में भाग लेने अपील की है।
