अंतर छात्रावास प्रतियोगिता को लेकर रूपरेखा तय
कटनी ( 15 मार्च )- देश के भौगोलिक केंद्र बिंदु ग्राम करौंदी में रविवार 19 मार्च को आयोजित होने जा रही अंतर छात्रावास खेलकूद एवं अकादमिक प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने बुधवार को कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा कलेक्टर कार्यालय में संबंधित विभाग एवम् आयोजन से जुड़े सहयोगियों की एक बैठक ली गई। जिसमें आयोजन की अंतिम रूपरेखा तय की गई।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर मिलेगा पुरुस्कार
उल्लेखनीय है कि जिले के समस्त नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास एवं कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की कक्षा 6 से 8 की छात्राओं के मध्य अंतर छात्रावास खेलकूद और अकादमिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें खेलकूद के 10 इवेंट आयोजित होंगे। बैठक में यह रूपरेखा तय की गई कि सभी इवेंट्स में उनके प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जायेंगे एवम् सर्वाधिक अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रावास को रनिंग शील्ड प्रदान की जाएगी। इसके अलावा आयोजन में शामिल सभी छात्राओं को भी सहभागिता स्वरूप प्रमाणपत्र एवम उपहार प्रदान किए जायेंगे। प्रदर्शन के आधार पर विजेता एवम् उपविजेता छात्रावास को पुरुस्कार स्वरूप किताबों का सेट और खेल सामग्री प्रदान की जाएगी। बैठक में सांसद प्रतिनिधि शहडोल पद्मेश गौतम, डीपीसी केके डेहरिया, एपीसी संध्या तिवारी, महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ करौंदी के प्रभारी अरविंद सिंह, रतिभान सिंह, बलराम भारद्वाज आदि की मौजूदगी रही।
