सीमा कैथवास की रिपोर्ट
नर्मदापुरम। रंगों का पर्व होली के त्यौहार को लेकर शहर में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कोरोना काल के बाद से लगभग सभी धार्मिक आयोजनों पर एक प्रकार से अंकुश सा हो गया था। पर इस बार युवाओं में रंगो के पर्व होली को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस बार बड़े ही धूमधाम से होली का पर्व मनाने की तैयारियां चल रही हैं। वही नर्मदापुरम शहर के वॉर्ड क्रमांक 13, 14 में हाउसिंग बोर्ड न्यास कॉलोनी आईटीआई स्थित मां शारदा काली मंदिर प्रांगण में भव्यता के साथ होली का पर्व मनाने की तैयारियां चल रहे हैं। होलिका दहन समिति अध्यक्ष सोमेश मिश्रा ने बताया कि मां शारदा काली मंदिर प्रांगण में विगत 31 वर्षों से होलिका दहन पर्व का आयोजन किया जाता रहा है। मां शारदा काली मंदिर की स्थापना उनके पिताजी स्वर्गीय अशोक मिश्रा *माते* द्वारा की गई थी। तब से निरंतर यहां पर धार्मिक आयोजन होते आ रहे हैं। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष होलिका और प्रहलाद की प्रतिमा बिठाई जा रही है जो बहुत ही आकर्षक है। सभी नगर वासियों सहित कॉलोनी वासियों से आग्रह है कि वह इस आयोजन में शामिल होकर रंगों के इस पर्व में खुशी और अपनत्व का सौहार्द करें। होली का यह पर्व आपस में द्वेषता और बुराई को भूल कर रंगों की तरह नई जिंदगी उत्साह के साथ जीने का संदेश देती है।
