कटनी (4 मार्च) – भारतीय रेड क्रास सोसायटी जिला शाखा कटनी की सामान्य सभा की बैठक का आयोजन शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित नवीन सभागार में संस्था अध्यक्ष एवं कलेक्टर अवि प्रसाद की अध्यक्षता में किया गया। बैठक दौरान सबसे खास बात यह रही कि मंच पर कलेक्टर अवि प्रसाद ने देश की सबसे युवा रेडक्रॉस सदस्य मीनाक्षी क्षत्रिय को स्थान दिया। इनके अतिरिक्त मंच पर संस्था अध्यक्ष कलेक्टर अवि प्रसाद, संस्था सभापति सुशील शर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश खंडेलवाल, उपाध्यक्ष लालजी शर्मा और जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत की मौजूदगी रही।
युवा सदस्य 12 वर्षीय मीनाक्षी के परिचय के साथ बैठक का विधिवत शुभारंभ हुआ। इसके बाद संस्था से नए जुड़े सदस्यों ने अपना परिचय दिया। जिनका पुराने सदस्यों द्वारा पुष्प देकर स्वागत किया गया, तदुपरांत पुराने सदस्यों ने अपना परिचय दिया।
निक्षय मित्र पर डाला प्रकाश
संस्था अध्यक्ष एवं कलेक्टर अवि प्रसाद और सचिव डॉ यशवंत वर्मा द्वारा निक्षय मित्र पर प्रकाश डाला गया तथा इस संबंध में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। जानकारी देते हुए बताया गया कि वर्तमान माह में संस्था द्वारा 285 क्षय रोगियों को संस्था द्वारा खाद्यान्न किट प्रदान की जा रही है। साथ ही संस्था द्वारा संचालित अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई।
गांवों तक पहुंचा रेडक्रॉस, उपशाखा खोलने पर बनी सहमति
इसके उपरांत एजेंडे के अन्य बिंदुओं के तहत विजयराघवगढ़, कैमोर और बरही के नए सदस्यों को जोड़कर रेडक्रॉस कटनी की एक उपशाखा विजयराघवगढ़ में शुरू करने के संबंध में सहमति ली गई तथा इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर अविप्रसाद के प्रयासों से रेडक्रॉस संस्था अब शहर के दायरे से बाहर निकल कर गांव तक जा पहुंची है। जिसमें नगर परिषद कैमोर अध्यक्ष मनीषा अजय शर्मा, नगर परिषद विजयराघवगढ़ अध्यक्ष वसुधा मनीष मिश्रा, बरही बीएमओ डॉ विनोद कुमार और डॉ दीपक अग्रवाल की उल्लेखनीय भूमिका रही। इसके अतिरिक्त संस्था अध्यक्ष कलेक्टर अवि प्रसाद की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। जिनमें मुख्य रूप से रेडक्रॉस समिति द्वारा शव वाहन संचालित करने किए जा रहे प्रयासों के बारे में संस्था अध्यक्ष व कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सहयोगियों का किया गया सम्मान
रेडक्रॉस सोसायटी की निक्षय योजना में महत्वपूर्ण योगदान देने पर सदस्य प्रवीण बजाज, पवन मित्तल, डॉ हरीश बजाज, पवन बजाज, ब्रज किशोर भार्गव, अरविंद गुगालिया, शशांक श्रीवास्तव, पवन मित्तल, डॉ विनोद, डॉ दीपक, डॉ शैलेंद्र दीवान एवं मीनाक्षी क्षत्रिय को सम्मानित किया गया। बैठक का संचालन डॉ यशवंत वर्मा ने किया। पहली बार सामान्य सभा की बैठक में बड़ी संख्या में सदस्यों की मौजूदगी रही।