खुरई से सोनू शर्मा की रिपोर्ट
खुरई/मालथौन विकास यात्रा के साथ ही खुरई विधानसभा क्षेत्र में विकास का महायज्ञ शुरू हो गया है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह और सागर कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने आज यहां एक ही दिन में एक हजार करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया है। इसमें सभी गांवों के प्रत्येक घर में टोंटी से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की 515 करोड़ की खुरई ग्रामीण नल जल योजना, 464 करोड़ की मालथौन ग्रामीण नल जल योजना और बांदरी में 38 करोड़ लागत के सीएम राइज स्कूल भवन के भूमिपूजन के साथ दर्जनों बड़े छोटे विकास कार्य शामिल हैं। खुरई विधानसभा क्षेत्र में 49000 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री भूस्वामित्व अधिकार पत्र भी वितरित किए जाने का शुभारंभ आज से कर दिया गया।
महाकाली प्रांगण खुरई में संबोधित करते हुए मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज विकास यात्रा अन्तर्गत खुरई में ग्रामीण जल समूह योजना का भूमिपूजन सम्पन्न हुआ है। इसके पहले बांदरी में 38 करोड़ की लागत से सीएम राइज स्कूल और मालथौन में 464 करोड़ की जल समूह योजना का भूमिपूजन हुआ है। शायद ही एक दिन में एक हजार करोड़ से अधिक कार्य का भूमिपूजन किसी विधानसभा क्षेत्र में हुआ हो। इसके साथ ही खुरई नगर पालिका क्षेत्र में लोकार्पण हुए है। आज 944 आवास भी यहां स्वीकृत कर रहे हैं। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि कलेक्टर सागर ने समय पर तमाम स्वीकृति प्रदान की हैं, जिसके लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि खुरई ब्लाक के ग्रामों के लिए जल समूह योजना बेहद महत्वपूर्ण है। गांवों में हमेशा के लिए पेयजल की समस्या हल हो जाएगी। हर घर में नल से शुद्ध पानी पहुंचेगा।
मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि 464 करोड़ व 515 करोड़ की लागत से शुरू हो रही नल जल योजनाओं से क्रमशः मालथौन ब्लाक के 234 ग्रामों तथा खुरई-बीना ब्लाक के 323 ग्रामों के सभी घरों में टोंटी से फिल्टर किया हुआ शुद्ध जल सप्लाई होगा। मालथौन क्षेत्र के 57000 परिवारों की लाख 80 हजार आबादी को इस योजना से शद्ध पेयजल मिलेगा तथा खुरई-बीना क्षेत्र के 3230 ग्रामों के 5875 परिवारों की 428280 आबादी के घरों में टोंटी से नल का पानी पहुंचेगा।
मंत्री श्री सिंह ने बताया कि दोनों समूह जलप्रदाय योजनाओं का कार्य आज से ही शुरू हो जाएगा और दिसंबर, 2024 तक कार्य पूर्ण हो जाएगा, हमारी कोशिश है कि यह काम साल भर में पूरा हो जाये। उन्होंने बताया कि बंडा के उल्दन बांध से बांदरी के निकट इमलिया खुर्द इंटकवेल तक पानी पहुंचेगा और एनडीआर से टंकियों के माध्यम से गुरुत्व प्रणाली से पहाड़ी के पार से पानी लाया जाएगा ताकि कम से कम पंपिंग कराना पड़े। खुरई-बीना समूह योजना का पानी राहतगढ़ के पास बीना नदी पर बने चकरपुर बांध से कचनौदा में अत्याधुनिक फिल्टर प्लांट तक पहुंचेगा जहां से शुद्ध रूप में नलों से प्रत्येक घर तक पहुंचेगा। प्रति व्यक्ति को कम से कम 55 लीटर प्रतिदिन मान से शुद्ध जल दिया जाएगा। जल सप्लाई प्रबंधन के लिए महिलाओं की ग्राम समितियां बनाई जाएंगी जिनसे किसी प्रकार का विद्युत बिल नहीं लिया जाएगा। योजना का मेंटेनेंस दस वर्षों तक कांट्रेक्टर कंपनी करेगी जो किसी भी प्रकार की खराबी आने पर 48 घंटे के भीतर सुधार कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि विकास यात्रा में जन प्रतिनिधि और अधिकारी पहुंच रहे हैं। सरकार के निर्देश है कि योजनाओं का लाभ गांवों में मौके पर ही देना है। समस्याओं का निराकरण भी करना है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जन कल्याण के इस महायज्ञ में सबको शामिल होना है। अपने संबोधन में श्री सिंह ने लाड़ली बहिना और निःशुल्क राशन योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खुरई ब्लाक में 31500 भूस्वामित्व अधिकार स्वीकृत किए गए हैं। अब तक ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 30 हजार
प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो चुके हैं। शहर में भी सभी को पट्टे देकर प्रधानमंत्री आवास की व्यवस्था की जाएगी।
