सीमा कैथवास की रिपोर्ट
नर्मदापुरम । अनुसूचित जाति व जनजातीय कार्य विकास विभाग नर्मदापुरम द्वारा संचालित अस्पृश्यता निवारणार्थ अन्तरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक 09 फरवरी 2023 को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष नर्मदापुरम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एसएस रावत एवं अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उप संचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्त जन कल्याण नर्मदापुरम श्रीमती फरहीन खान, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग नर्मदापुरम श्रीमती संपदा सराफ उपस्थित रहीं। बैठक में चयनित सभी 16 दम्पत्ति अपने मूल अभिलेखों के साथ उपस्थित हुए। समिति अध्यक्ष अपर कलेक्टर नर्मदापुरम द्वारा एक-एक कर सभी 16 दम्पत्तियों से उनके द्वारा किये गये विवाह एवं उसकी पारिवारिक स्वीकार्यता दम्पत्तियों के वर्तमान निवास, उनके कार्य / व्यवसाय के संबंध में भी चर्चा की गई। सभी को बताया गया कि प्रत्येक दम्पत्ति को अस्पृश्यता निवारणार्थ अन्तर्जातीय विवाह योजना नियम 2016 के तहत रूपये दो लाख) कुल 16 प्रकरणों में 32 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। शीघ्र ही स्वीकृत राशि पति-पत्नि के संयुक्त बैंक खाते में जमा कराई जायेगी। सभी दम्पत्तियों को उनके सुखी दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गई। अंत में सभी दम्पत्तियों को अपर कलेक्टर नर्मदापुरम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नर्मदापुरम सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग नर्मदापुरम द्वारा शुभकामनाएं दी तथा सभी 16 दम्पत्तियों के साथ ग्रुप फोटो करवाई गई।
