कटनी (7 फरवरी)- कलेक्टर श्री अवि प्रसाद के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना अंतर्गत दर्ज हत्या के प्रकरणों में अनुसूचित जाति/ जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 में निहित प्रावधानों के अंतर्गत पीडित परिवारों को म०प्र० राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वसहायता समूहों से जोडकर उन परिवारों को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने एवं उन परिवारों को सम्मान सहित जीने एवं आत्मनिर्भर बनाने के निरंतर प्रयास जारी है। कलेक्टर श्री प्रसाद की संवेदनशीलता और तत्परता से पीड़ित परिवार के सदस्यों को स्व सहायता समूह से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के निर्देश आदिम जाति जनजाति कल्याण विभाग एवं आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक को दिए गए थे। जिला संयोजक अनुसूचित जाति/जनजाति कार्य विभाग पूजा द्विवेदी एवं जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन शबाना बेगम ने कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश को मूर्त रूप प्रदान करने हेतु प्रदान करने हेतु प्रभावित पीड़ित परिवारों के घर पहुँच कर परिवार जनों से संवाद कर स्वसहायता समूह से जुड कर होने वाले लाभ तथा अन्य शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। पीड़ित परिवारों के परिजनों ने सहमति जताते हुये आजीविका मिशन के माध्यम से जनपद पंचायत रीठी अंतर्गत ग्राम रीठी की मृतक मेम बाई आदिवासी की पुत्र वधु लीला बाई आदिवासी को मोती स्वसहायता समूह, जनपद रीठी के ही ग्राम चिखला के मृतक देशराज भुमिया की मॉं बिसरती बाई को मॉं लक्ष्मी स्वसहायता समूह, जनपद पंचायत बड़वारा अंतर्गत ग्राम चपहनी के मृतक चेतराम कोल की बहन अनीता बाई को सरस्वती स्वसहायता समूह, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के ग्राम अंतर्वेद की मृतिका किरण कोल के आश्रित सदस्य (पति) रोहित कोल की द्वितीय पूजा कोल को संतोषी स्वसहायता समूह से तथा जनपद पंचायत बहोरीबंद के ग्राम छपरा के मृतक प्रेम सिंह गोंड की पत्नी रेखा रानी गोंड को महाकाल स्वसहायता समूह से जोड़े जाने की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
आजीविका मिशन की परियोजना प्रबंधक शबाना बेगम एवं आदिम जाति एवं जनजाति विभाग की प्रमुख पूजा द्विवेदी ने बताया कि पीडित परिवारों के सदस्यों से मिलकर उनको शासन द्वारा संचालित संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। सर्व संबंधितों को पात्रता के अनुसार लाभान्वित कराया जा सकेगा। अभी स्वसहायता समूहों से जोडा जाकर आजीविका मिशन द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न आर्थिक गतिविधियों का लाभ दिया जायेगा और अन्य विभागीय संचालित होने वाली गतिविधियों प्रशिक्षण इत्यादि से भी जोड़ा जायेगा। इस दौरान आजीविका मिशन की सहायक जिला प्रबंधक वंदना जैन, विकासखण्ड प्रबंधक जनपद पंचायत रीठी देवेन्द्र जैन, सहायक विकासखण्ड प्रबंधक मथुरा प्रसाद व राजेश कुमार पाण्डेय भी उपस्थित रहे ।
