रिपोर्टर अंकित नेमा
नरसिंहपुर, 04 फरवरी 2023. कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना द्वारा शनिवार को नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व वसूली, अमृत 1.0, 10 लाख से अधिक के कार्य, वेस्ट कलेक्शन रिपोर्ट, हॉकर्स जोन, चौक सौंदर्यीकरण, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की समीक्षा की। नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में मुख्यमंत्री अधोसंरचना फेज 3 अंतर्गत नरसिंह तालाब के पास सीसी रोड, पेवर ब्लॉक, ग्रील एवं फेब्रीकेशन का कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिये। प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी के अंतर्गत जीयो टैगिंग का कार्य शतप्रतिशत पूर्ण करने एवं आवासों की किस्त हितग्राहियों के खातों में अंतरित करने निर्देशित किया। समीक्षा में उन्होंने पाया कि गोटेगांव, करेली, सांईखेड़ा एवं सालीचौका में उक्त कार्य संतुष्टिजनक नहीं है।
नगरीय निकायों के द्वारा राजस्व वसूली में कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 40 प्रतिशत की वृद्धि हो। नगरीय निकायों के अंतर्गत अतिक्रमण युक्त भूमि मुक्त कराकर वहां मियावाकी पौधरोपण, गार्डन, जलाशय आदि विकसित करने के निर्देश बैठक में दिये। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की कार्रवाई में संबंधित एसडीएम, सीएमओ एवं पुलिस विभाग का अमला संयुक्त रूप से मौजूद रहें। नगरीय निकायों में सघन पौधरोपण कार्य हो। साथ ही अतिक्रमण मुक्त की गई भूमि पर पाथ- वे तैयार किया जाये। इसके अलावा निर्माण कार्यों के अंतर्गत डिवाइडर पर फूल के पौधे तैयार कर आदि रोपित किये जायें, जिससे डिवाइडर आकर्षक एवं सुसज्जित नजर आयें। हॉकर्स कॉर्नर की नगर पालिका तेंदूखेड़ा में पूर्ण हो चुका है, जबकि गाडरवारा में उक्त कार्य प्रस्तावित है। वहीं नगर पालिका परिषद गोटेगांव में नया बाजार हॉकर्स जोन प्रस्तावित किया गया है। चौराहों के विकास के लिए नगरीय निकायों में उक्त कार्य किये जा रहे हैं। इसके अलावा नगरीय निकायों द्वारा वेस्ट कलेक्शन का भी कार्य किया जा रहा है। सफाई वाहन प्रतिदिन समय पर डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन सुनिश्चित करें। वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तेंदूखेड़ा का जिक्र करते हुए कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि उक्त प्लांट बेहतर तरीके से संचालित किया जा रहा है, अन्य नगरीय निकाय भी इसी के अनुरूप ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन सुनिश्चित करें। नवीन शासकीय भवन निर्माण के दौरान रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तैयार करने के निर्देश उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को दिये।
बैठक में श्री राजेन्द्र शर्मा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद सांईखेड़ा एवं श्री अमित नागपुरे उपयंत्री नगर परिषद सांईखेड़ा बिना किसी सक्षम अनुमति के बैठक में अनुपस्थित रहने पर उनका 2 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिये।
