मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुरुप निकायों का गौरव दिवस मनाने की कड़ी में सतना नगर का पहला गौरव दिवस 25 जनवरी को मनाया जा रहा है। सतना गौरव दिवस के विविध कार्यक्रम 22 जनवरी से शुरु होगें और 25 जनवरी तक चलेंगे। सतना गौरव दिवस के चार दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ 22 जनवरी को होगा।
सतना गौरव दिवस उत्सव रविवार 22 जनवरी को स्वच्छता के संदेश के साथ प्लाग रन से प्रातः 7 बजे शुभारंभ होगा। इसके तहत सभी नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाएं, व्यापारिक प्रतिष्ठान, नगर के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी, कर्मचारी नगर पालिक निगम कार्यालय से स्टेशन रोड होते हुए दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम में समाप्त होने वाली प्लाग रन संदेश यात्रा में शामिल रहेंगे। इसी दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, रस्साकशी, बलून दौड़, शटल दौड़, रिले दौड़, कुर्सी दौड़ की खेल प्रतियोगिताएं होंगी। दोपहर 12 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक बीटीआई ग्राउंड में शहर की महिलाओं द्वारा प्रसिद्ध बघेली व्यंजन एवं अन्य तरह के व्यंजनों पर आधारित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया जाएगा। इस दिन के सायंकालीन कार्यक्रमों में कार्यक्रम स्थल बीटीआई ग्राउंड में शाम 7 बजे से 10 बजे तक स्थानीय कलाकारों, शैक्षणिक संस्थानों, संगीत संस्थाओं के कलाकारों द्वारा आर्केस्ट्रा के साथ गीत-संगीत की प्रस्तुतियां होंगी