कटनी 09 नवंबर 2022 – शासन निर्देशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 नवंबर 2022 दिन शनिवार को किया जाना है। लोक अदालत मे सम्पत्तिकर एवं जलकर के बकाया राशि में अधिरोपित अधिभार सरचार्ज में छूट प्रदान की जानी है। लोक अदालत के दौरान प्रदान की जाने वाली छूट का लाभ नगर के अधिक से अधिक नागरिकों को प्राप्त हो सके इस हेतु महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे ने नगर के विभिन्न 5 स्थलों में लोक अदालत शिविरों का आयोजन कर समस्त आवश्यक व्यवस्था पूर्ण कराने के निर्देश दिए है।
निगमायुक्त श्री सत्येन्द्र सिंह धाकरे ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन निर्देशों के अनुपालन में नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए 12 नवंबर को प्रातः 10 बजे से नगर निगम कटनी कार्यालय, बस स्टैंड कटनी, बस स्टैंड ऑडिटोरियम परिसर जोन क्रमांक -1, दुर्गा चौक खिरहनी जोन क्रमांक -2 माधवनगर उप कार्यालय जोन क्रमांक 4 सहित सुभाष चौक में लोक अदालत शिविरों का आयोजन किया जाकर शासन निर्देशानुसार अधिभार में छूट प्रदान की जावेगी। इस हेतु विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रातः 10 बजे से उपस्थित रहकर वसूली कार्य यथावत जारी रखने एवं अधिक से अधिक करदाताओं को अधिभार में छूट का लाभ प्रदान करने हेतु आदेशित किया गया है।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे ने नागरिकों से 12 नवंबर को नगर के 05 स्थलों में आयोजित होने वाले लोक अदालत शिविरों में शासन निर्देशानुसार अधिभार में प्रदाय की जा रही छूट का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।