प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम/भारतीय तीरंदाजी संघ के सहयोग एवं मध्यप्रदेश तीरंदाजी संघ द्वारा चतुर्थ नेशनल रैंकिंग एन.टी.पी.सी. तीरंदाजी टूर्नामेंट का शुभाारंभ रविवार को एस.एन.जी. स्टेडियम नर्मदापुरम में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, मप्र तीरंदाजी संघ अध्यक्ष गिरिजाशंकर शर्मा, कमिशनर माल सिंह, सेवा भारती के प्रान्त संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह, भारतीय तीरंदाजी संघ के सचिव प्रमोद चांदोरकर, पूर्व जिपं अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा, नगरपालिका श्रीमती नीतू यादव, जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, डा. कमलेश चौरिसया, नपा उपाध्यक्ष अभय वर्मा की उपस्थिति में किया गया। सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा प्रभु श्रीराम के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का जिला तीरंदाजी संघ अध्यक्ष अरुण शर्मा, डा. वैभव शर्मा, अमीन राईन ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि भारत सरकार खेलों के उत्थान के लिये लगातार प्रयास कर रही है। भारतीय तीरंदाजी संघ द्वारा आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता में देश भर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो सराहनीय है। श्री कुलस्ते ने कहा कि तीरंदाजी में भारत दुनिया के टॉप-5 देशों में शामिल हैं। देश में प्रतिभा की कमी नहीं हैं, जरूरत उनको प्रोत्साहन और संसाधन उपलब्ध कराने की हैं। श्री कुलस्ते ने कहा कि तीरंदाजी हमारी विरासत है, जिसे आज के खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने तीरंदाजी संघ के समस्त पदाधिकारियों को प्रतियोगिता के आयोजन की बधाईयां देकर खिलाडिय़ों का भी उत्साह वर्धन किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डा. सीतासरन शर्मा ने कहा कि तीरंदाजी प्रतियोगिता गांव, शहर नहीं बल्कि वनों से निकलकर आई, आदिकाल से ही तीरंदाजों का इतिहास रहा है। उन्होंने रामायण की चौपाई के माध्यम से बताया कि भगवान श्रीराम का जिक्र पूरी रामायण में बिना धनुष के नहीं हुआ है, इसलिये आज प्रभु श्रीराम के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया है। डा. शर्मा ने सभी खिलाडिय़ों और आयोजकों का उत्साह वर्धन किया। कमिश्नर माल सिंह ने कहा कि इस तहर की प्रतियोगिताएं आयोजित होना शहर के लिये गौरव की बात है, उन्होंने देश भर से आये खिलाडिय़ों को बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही। इसके अलावा भारतीय तीरंदाजी संघ के सचिव प्रमोद चांदोरकर सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। टूर्नामेंट का आयोजन 16 अक्टूबर तक किया जायेगा। शुभारंभ अवसर पर सब जूनियर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि रोहित गौर, खेल प्रकोष्ठ के संयोजक आलोक राजपूत, अनिल सक्सेना, गोवर्धन यादव, पीयूष गुप्ता, एनईएस खेल शिक्षक रविशंकर मिश्रा, प्रवीण मीना, साधना रैकवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।