प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम / दशहरा पर्व एवं देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जिले में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदार को दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने सोमवार को वी सी के जरिए जिले में दशहरा पर्व एवं देवी प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए। यहां कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, होमगार्ड का बल तैनात करें। उन्होंने आवलीघाट पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश एसडीएम सिवनीमालवा को दिए। उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व एवं देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बाधित न हो यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मनोज सरियाम, अपर कलेक्टर मनोज सिंह ठाकुर , संयुक्त कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*हर्बल पार्क घाट पर होगा देवी प्रतिमाओं का विसर्जन*
मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोद शुक्ला ने बताया कि शहर में प्रमुख रूप से हर्बल पार्क घाट में बनाए गए कृत्रिम कुंड में देवी प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सेठानी घाट एवं कोरी घाट पर भी परंपरागत रूप से देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा सकेगा।