प्रदीप गुप्ता/ नर्मदापुरम/ (इटारसी) हिंदी दिवस पर साहित्यिक संस्था मानसरोवर साहित्य संस्था का 48 वा स्थापना दिवस समारोह व काव्य निशा का आयोजन गुरुवार को ईश्वर रेस्टोरेंट सभागार में सुभाष पंवार के मुख्य आतिथ्य में, वरिष्ठ कवि प्रयास जोशी भोपाल की अध्यक्षता व वरिष्ठ साहित्यकार चंद्रकांत अग्रवाल के विशिष्ठ आतिथ्य में किया गया। जिले के करीब 30 कवियों के सानिध्य में लगभग 4 घंटे अविराम चले इस साहित्य आयोजन में दो काव्य संकलनों का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर मानसरोवर के संरक्षक द्व्य विनोद कुशवाहा व देवेंद्र सोनी विशेष रूप उपस्थित थे। इस मौके पर देवेंद्र सोनी का उनकी विशिष्ठ सेवाओं के लिए अतिथियों द्वारा सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम देर रात तक चला।