कटनी – सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन की रोकथाम और खनिज नियमों के प्रभावी पालन को लेकर कटनी एवं उमरिया जिले के खनिज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। बुधवार को दोनों जिलों के सीमावर्ती रेत खदान क्षेत्रों में संयुक्त जांच दल ने सघन भौतिक निरीक्षण कर खदानों की सीमाओं, खनन गतिविधियों और रेत परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त दल ने उमरिया जिले के ग्राम खैरवार घाट स्थित स्वीकृत रेत खदान का मौका मुआयना किया। खदान संचालक बाबा महाकाल कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर एवं प्रबंधक की मौजूदगी में खदान की सीमाओं का विधिवत निर्धारण किया गया। जांच में खदान का संचालन स्वीकृत सीमा क्षेत्र के भीतर पाया गया। साथ ही यह भी संज्ञान में आया कि संबंधित फर्म द्वारा उमरिया जिले में स्वीकृत रेत खदानों का संचालन आगामी वर्ष तक के लिए वैध अनुबंध के तहत किया जा रहा है।
*इमलिया एवं सुतरी घाट में नहीं मिली खनन गतिविधि*
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि संयुक्त जांच दल ने कटनी जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी खदानों की वस्तुस्थिति का गहन परीक्षण किया। इस दौरान इमलिया एवं सुतरी घाट स्थित स्वीकृत रेत खदान क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण किया गया। जांच में इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि अथवा अस्थायी मार्ग का निर्माण नहीं पाया गया।
*वाहनों पर मिले आरएफआईडी टैग, नियमों के पालन के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान संयुक्त अमले ने मौके पर मौजूद परिवहन वाहनों की आकस्मिक जांच भी की। जांच में सभी वाहनों पर नियमानुसार आरएफआईडी (RFID) टैग लगे पाए गए। दल ने खदान संचालक एवं प्रबंधन को निर्देशित किया कि भविष्य में भी उत्खनन कार्य स्वीकृत सीमा क्षेत्र के भीतर ही किया जाए तथा रेत का लदान केवल वैध आरएफआईडी टैगयुक्त वाहनों में ही सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खनिज नियमों अथवा स्वीकृत खदान की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त निरीक्षण के माध्यम से खनिज विभाग ने सीमावर्ती रेत खदानों में नियमानुसार संचालन, परिवहन व्यवस्था की निगरानी और अवैध उत्खनन की रोकथाम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। खदानों की सीमाओं और परिवहन व्यवस्था की जांच से खनिज नियमों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी निगरानी की जा रही है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


