छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने, करदाताओं को उनके वार्ड के नजदीक ही कर जमा करने की सहज सुविधा उपलब्ध कराने तथा शहर में अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय के मार्गदर्शन में विभिन्न वार्डों में विशेष राजस्व वसूली शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी के नेतृत्व में संचालित इन शिविरों के माध्यम से निगम प्रशासन न केवल राजस्व संग्रहण को नई गति दे रहा है, बल्कि नागरिकों को समय पर कर अदा कर संभावित वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाइयों से बचने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।
बुधवार को आयोजित शिविरों में नागरिकों का सकारात्मक रुझान देखने को मिला और निगम के अमले द्वारा संपत्ति कर एवं जल कर के रूप में कुल 21 लाख रुपये की वसूली की गई, जिसमें 17 लाख रुपये संपत्ति कर और 4 लाख रुपये जल कर शामिल हैं। राजस्व संग्रहण के साथ-साथ सख्ती बरतते हुए बकाया बिलों का भुगतान न करने तथा नियमों का उल्लंघन करने पर विभिन्न वार्डों में कुल 6 नल कनेक्शन विच्छेद करने की कार्रवाई भी की गई, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि बकाया राशि और अनधिकृत उपयोग के प्रति प्रशासन किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा।
राजस्व वसूली अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की कड़ी में आगामी गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को भी शहर के विभिन्न वार्डों में शिविर लगाए जाएंगे। जारी आदेश के अनुसार वार्ड क्रमांक 5 का वसूली शिविर नया सेल टैक्स ऑफिस के सामने स्थित शिवनगर कॉलोनी में, वार्ड क्रमांक 11 का शिविर स्कंद माता मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 17 का शिविर शनिचरा पानी टंकी में तथा वार्ड क्रमांक 23 का शिविर शारदा चौक में आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 29 का शिविर छापाखाना में पुराने साहू ज्वेलर्स के पास, वार्ड क्रमांक 35 का शिविर इमलीखेड़ा में, वार्ड क्रमांक 41 का शिविर पंचशील कॉलोनी में एवं वार्ड क्रमांक 47 का शिविर गोधूलि वृद्धाश्रम में आयोजित किया जा रहा है।
इन विशेष शिविरों में ड्यूटी पर तैनात किए गए अधिकारी व कर्मचारी कर वसूली के साथ-साथ अपने-अपने वार्डों के अंतर्गत क्षेत्रों में अतिक्रमण, अवैध निर्माण और अवैध नल कनेक्शनों की सघन जांच भी कर रहे हैं। नगर निगम प्रशासन ने शहर के समस्त नागरिकों, भवन स्वामियों और करदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचकर संपत्ति कर, जल कर व अन्य बकाया करों का भुगतान अनिवार्य रूप से करें, ताकि बकाया स्थिति में होने वाली कुर्की और नल विच्छेदन जैसी कठोर कार्रवाई से बचा जा सके तथा शहर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग मिल सके।


