बहोरीबंद महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब ने किया आयोजन, संक्रमण प्रभावित लोगों से भेदभाव नहीं करने की अपील
कटनी (22 नवंबर) – एचआईवी-एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय, बहोरीबंद में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
जिला संगठक रासेयो डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.यू. सिद्दीकी के निर्देशन तथा रासेयो कार्यक्रम अधिकारी विनय कुमार जैन और रेड रिबन प्रभारी राजेंद्र कुमार उइके के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को एचआईवी-एड्स के संक्रमण, बचाव और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। वहीं नुक्कड़ नाटक के जरिए बीमारी से बचाव के तरीकों और सही जानकारी के महत्व को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए लोगों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि एचआईवी संक्रमण से प्रभावित व्यक्तियों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। उन्हें भी समाज में सम्मान, सहयोग और समानता का अधिकार मिलना चाहिए। युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के साथ ही समाज में संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.यू. सिद्दीकी, रेड रिबन प्रभारी राजेंद्र कुमार उइके, सुश्री दिव्या तिवारी, रविशंकर सिंह मरावी, नवीन गौतम, अन्य अतिथि विद्वान और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


