विद्यार्थियों ने भाषण, वाद-विवाद, चित्रकला, गायन और नृत्य सहित विभिन्न विधाओं में दिखाया हुनर, विजेता जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
🔳कटनी – प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में 19 से 21 नवंबर तक तीन दिवसीय साहित्यिक, रूपांकन एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार बाजपेई की अध्यक्षता तथा कार्यक्रम प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के पहले दिन साहित्यिक विधाओं के अंतर्गत भाषण, वाद-विवाद एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दूसरे दिन रूपांकन विधाओं में रंगोली, पोस्टर पेंटिंग, कोलाज, क्ले मॉडलिंग और कार्टूनिंग जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा दिखाई।
तीसरे दिन सांस्कृतिक एवं अभिनय विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें एकल एवं समूह गायन, भारतीय शास्त्रीय एवं पाश्चात्य गायन, एकल एवं समूह नृत्य, माइम, स्किट और नाट्य प्रस्तुतियां शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता भर दी।
प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई ने इस तरह के आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और व्यक्तित्व निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 2 से 5 दिसंबर 2026 तक आयोजित होंगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सांस्कृतिक समिति के सदस्य डॉ. विनय बाजपेई, प्रोफेसर जीएम मुस्तफा, डॉ. अनिल तौहेल, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, डॉ. सुचि सिंह, डॉ. राजश्री शर्मा, डॉ. अंकिता खंडेलवाल, डॉ. अपेक्षा मिश्रा एवं डॉ. शैलजा कटारे सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों का सहयोग रहा। अंत में कार्यक्रम प्रभारी डॉ. माधुरी गर्ग ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


