
कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगवां मेन रोड स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। बीती देर रात चोर शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां रखे सोने-हीरे के आभूषण लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चोरी की वारदात में करीब 10 करोड़ रुपये के जेवरात चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए शोरूम के पीछे जंगल की ओर से रास्ता बनाया और दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद शोरूम में रखे आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, एएसपी, डीएसपी सहित माधवनगर पुलिस का भारी बल मौके पर पहुंचा।मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस की टीमें शोरूम के अंदर और पीछे जंगल की ओर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं। डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहाlफिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। चोरी गए आभूषणों की वास्तविक कीमत और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है। अब देखना होगा कि करोड़ों की इस चोरी की गुत्थी पुलिस कब तक सुलझा पाती है।


