रिपोर्टर डॉ. सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय का 30 अपराधों का रिकॉर्ड धारी कुख्यात अपराधी प्रशांत तिवारी उर्फ टमंटू उसके घर से देशी विदेशी शराब की करीब 53 पेटियों के अवैध शराब जखीरा पकड़ाने के मामले में 7 सितंबर से फरार चल रहा था। जिसे देहात पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया है जो कि अब जेल की सलाखों के पीछे है।
उक्त घटना का खुलासा करते हुए देहात थाना प्रभारी उषा मरावी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी जितेंद्र कुमार पाठक के मार्गदर्शन में देहात पुलिस द्वारा 7 सितंबर की रात को चंदन नगर रसूलिया में प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू के घर से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई थी। जिसके बाद से ही प्रशांत तिवारी टमंटू फरार चल रहा था। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम निरंतर लगी हुई थी। जिसे विगत दिनों गिरफ्तार कर लिया गया है, जो कि माननीय न्यायालय के आदेश से जेल दाखिला कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा धार्मिक नगरी नर्मदापुरम में नर्मदा नदी के 5 किलोमीटर के दायरे में शराब विक्रय पर पूर्णत प्रतिबंध लगाया हुआ है। प्रतिबंध के बाद से ही नगर में अवैध शराब का कारोबार रसूखदार माफियाओ के संरक्षण में बेखौफ चल रहा है। पूर्व पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध शराब कारोबार पर काफी अंकुश लगाया गया। इस दौरान कई शराब माफिया जेल की सलाखों के पीछे पहुंचे। पूर्व पुलिस अधीक्षक श्री थोटा के निर्देशन में एएसपी अभिषेक राजन सहित एसडीओपी जितेन्द्र कुमार पाठक के मार्गदर्शन में पहली बार कुख्यात अपराधी प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू के चंदन नगर रसूलिया स्थित घर पर छापामार कार्रवाई कर देसी विदेशी शराब की करीब 53 पेटियों का जखीरा देहात थाना प्रभारी उषा मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जप्त किया था। उस दौरान रात अंधेरे का फायदा उठाते हुए पुलिस को चकमा देकर प्रशांत तिवारी घर की छत के रास्ते से भाग गया था। उस दौरान पुलिस ने करीब 4 लाख रुपए से अधिक मूल्य की अवैध शराब का जखीरा बरामद किया था। बताया जाता है कि आरोपी टमंटू अवैध शराब कारोबार हाईटेक तरीके से करता था और मोबाइल ट्रैकिंग से बचने के लिए कमरे के अंदर से ही गुर्गो से वॉकी टॉकी से बात करता था। तलाशी के दौरान पुलिस को दो वॉकी टॉकी, मोबाइल, बदमाश के जेल से रिहाई आदेश, आधार कार्ड इत्यादि दस्तावेज मिले थे। इसके अलावा पुलिस को वहां सावन ठाकुर नामक व्यक्ति का पैन कार्ड, डेबिट कार्ड भी मिला था। वहीं पुलिस टीम ने जांच में आरोपी सावन ठाकुर, दीपक बाथरे को गिरफ्तार किया। जांच में इस बात का खुलासा भी हुआ कि भोपाल अवधपुरी निवासी धीरज नागर अवैध शराब सप्लाई कर रहा था। जिसे पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में न्यायालय द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद अभिरक्षा में लिया। जिसके बाद निरंतर फरार चल रहा मामले का मुख्य आरोपी प्रशांत तिवारी उर्फ़ टमंटू देहात पुलिस की गिरफ्त में आया। वही सूत्रों की माने तो पुलिस इस बात की तहकीकात भी कर रही है कि जिस घर से अवैध शराब का जखीरा पकड़ा था उक्त संपत्ति किसकी है? साथ ही इस बात की तहकीकात भी कर रही हैं कि भोपाल के किस ठेकेदार द्वारा अवैध शराब सप्लाई के लिए उपलब्ध कराई गई थी? जिसके लिए आबकारी विभाग का सहयोग लिया जा रहा है। पूरे मामले में निरीक्षक देहात थाना प्रभारी उषा मरावी थाना, सउनि दीपक पाराशर, सउनि प्रवीण शर्मा, प्रआर 307 नवीन दुबे, आर 305 कपिल विश्वकर्मा, आरक्षक 537 सुनील साहू, राकेश मेहरा, मुकुल महोबिया, ललित पटेल, वीरेन्द्र चौहान, अनिल भुंसारे मआर किरण एवं शालिनी की सराहनीय भूमिका रही।


