नगर निगम कर्मचारी बनकर महिलाओं के मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराकर व्यक्तिगत जानकारी एवं फर्जी आईडी बनाने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल।*
*घटना का विवरण*
दिनांक 03.11.2026 को फरियादिया जीनत फातिमा, पिता तबरेज बहेना, उम्र 21 वर्ष, निवासी मस्जिद के पीछे, रामनिवास सिंह वार्ड, थाना रंगनाथनगर, कटनी द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 02.11.2026 को दो अज्ञात युवक नगर निगम कर्मचारी बनकर उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़वाने एवं योजना के वेरिफिकेशन के नाम पर फरियादिया, उसकी मां एवं मोहल्ले की अन्य 5-6 महिलाओं की फोटो अपने मोबाइल में खींची तथा उनके मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड करवाकर दूसरे नामों से आईडी बनाई। इस दौरान आरोपियों ने महिलाओं की व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त कर उनके साथ धोखाधड़ी की।
फरियादिया की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए थाना रंगनाथनगर पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए अपराध क्रमांक 464/ 2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
*पुलिस की त्वरित कार्रवाई*
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक कटनी के मार्गदर्शन में आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास एवं सघन पतासाजी करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर दुर्गा चौक, खिरहनी, थाना एनकेजे क्षेत्र से दोनों संदिग्ध आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी – सूर्यांश तिवारी पिता शैलेन्द्र तिवारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी वेंकट नगर, थाना जैतहरी, जिला अनूपपुर, हाल निवासी दुर्गा चौक, थाना एनकेजे, कटनी एवं विशाल अग्निहोत्री पिता योगेश अग्निहोत्री, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम गण्डाह, थाना समरेर, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी दुर्गा चौक, थाना एनकेजे, कटनी ने बताया कि वे किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर लोगों की आईडी बनाने का काम करते थे तथा प्रत्येक आईडी बनाने के बदले उन्हें 600 रुपये मिलते थे। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
*आमजन से कटनी पुलिस की अपील*
कटनी पुलिस आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से अपील करती है कि लाड़ली बहना योजना अथवा किसी भी शासकीय योजना का लाभ बढ़ाने, वेरिफिकेशन कराने या अतिरिक्त राशि दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो, ओटीपी अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड न करें और न ही अनजान लिंक पर क्लिक करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
*सराहनीय भूमिका* – उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रंगनाथनगर सिद्धार्थ राय, सउनि बहादुर सिंह, प्र.आर. लालजी यादव, प्र.आर. रामनरेश शुक्ला, आरक्षक वीरेन्द्र दहायत, आरक्षक संजय पाण्डेय एवं आरक्षक सतेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


