*अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, दो वाहन खनिज सहित जप्त*
*बड़चिचोली में वैध परिवहन अनुमति संबंधी दस्तावेजों के अभाव में खनिज परिवहन करते मिला डंपर, सौंसर में भी अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई*
पांढुर्णा/ 31 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 को खनिज विभाग के दल द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान तहसील पांढुर्णा के ग्राम बड़चिचोली में डंपर क्रमांक MH40BL1161 वैध परिवहन अनुमति संबंधी दस्तावेजों के अभाव में खनिज का परिवहन करते हुए पाया गया। वहीं, तहसील सौंसर में बिना पंजीयन क्रमांक के ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा खनिज रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। खनिज विभाग के दल ने दोनों वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें खनिज सहित शासकीय रूप से जप्त किया।
जप्त किए गए वाहनों को खनिज सहित पुलिस थाना सौंसर एवं बड़चिचोली परिसर में शासकीय अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। खनिज नियमों के प्रावधानों के अंतर्गत अवैध परिवहन के प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध जुर्माना राशि अधिरोपित किए जाने हेतु प्रकरण निर्णयन के लिए कलेक्टर न्यायालय, पांढुर्णा के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्यवाही की जाएगी। उक्त कार्रवाई के दौरान खनि अधिकारी सुश्री यामिनी उईके सहित खनिज विभाग का अमला सम्मिलित रहा।


