VIDEO कटनी।नगर निगम में एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के लिपिक आलोक गर्ग को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ बताया गया है। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर, पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। उक्त प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू की थी। बैंक प्रबंधन ने ऋण स्वीकृति के लिए नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रस्तुत करने को कहा था। इसी सिलसिले में अशोक कनकने नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के पास पहुंचे थे।आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले लिपिक ने उनसे 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।
शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई की। शिकायतकर्ता अशोक कनकने द्वारा आरोपी को 20 हजार रुपये दिए जाने के दौरान टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई से नगर निगम में मची हलचल
नगर निगम के लिपिक के विरुद्ध लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हलचल का माहौल है। बैंक ऋण के लिए आवश्यक एनओसी जारी करने के मामले में रिश्वत की कथित मांग सामने आने से सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोकायुक्त टीम मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
धमाकेदार


