जन विश्वास अभियान के तहत खदान संचालकों से संवाद,गुणवत्ता सुधार, औद्योगिक विस्तार और श्रमिक सुरक्षा पर जोर*
कटनी। जिले में स्थानीय खनन उद्योगों को प्रोत्साहित करने, खदान संचालकों की समस्याओं का समाधान करने और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीठी तहसील क्षेत्र में संचालित फरसी पत्थर की खदानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।
*तकनीकी प्रक्रियाओं और आर्थिक पहलुओं की समीक्षा*
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने खदानों में पत्थर खनन की तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रक्रियाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने ब्लॉक कटिंग की विधि, रोप खदानों में पत्थर की कटाई, वास्तविक रिकवरी प्रतिशत तथा खदान संचालकों की आय और आर्थिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संचालकों से चर्चा कर उत्पादन प्रक्रिया और व्यवसाय में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को समझा।
*गुणवत्ता सुधार और औद्योगिक विस्तार पर मंथन*
कलेक्टर श्री तिवारी ने खदान संचालकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरसी पत्थर के बेहतर उपयोग और बाजार में इसकी उपयोगिता बढ़ाने के संबंध में सुझाव दिए। साथ ही कटनी जिले में फरसी पत्थर आधारित नए उद्योगों की स्थापना तथा मौजूदा इकाइयों के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
कलेक्टर ने खदान संचालकों से कहा कि मैहर में निर्माणाधीन शारदा लोक सहित अन्य धार्मिक स्थलों और बड़े निर्माणाधीन भवनों में फरसी पत्थर के उपयोग की संभावनाएं तलाशें, ताकि स्थानीय उत्पाद को व्यापक बाजार मिल सके और जिले के औद्योगिक विकास को गति मिले।
*श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं*
कलेक्टर श्री तिवारी ने खदानों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संचालकों को श्रमिकों के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, जीएम डीआईसी श्रीमती ज्योति सिंह, खनिज अधिकारी द्वय श्री पवन कुशवाहा एवं श्री कमलकांत परस्ते सहित खनिज विभाग का अमला तथा खदान संचालक उपस्थित रहे।


