कटनी बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत पिलौंजी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचीं। यहां आयोजित सुपोषण समारोह में शामिल होकर उन्होंने बच्चों, महिलाओं तथा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के पोषण, नियमित स्वास्थ्य देखभाल, स्वच्छता तथा प्रारंभिक बाल विकास के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों तक पोषण एवं महिला-बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। बच्चों के पोषण स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए तथा माताओं को संतुलित आहार, स्वच्छता और बच्चों की देखभाल के प्रति जागरूक किया जाए। जिला पंचायत सीईओ ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों के अनुकूल वातावरण, साफ-सफाई तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र में बाल शौचालय की व्यवस्था सहित बच्चों की सुविधा एवं स्वच्छता से जुड़े आवश्यक विषयों पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सुपोषित बचपन ही स्वस्थ समाज की नींव है। बच्चों में कुपोषण की रोकथाम, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल तथा परिवारों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और संबंधित विभागीय अमले को समन्वित प्रयास करने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने सुपोषण संबंधी गतिविधियों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, ग्रामीण महिलाएं तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


