कटनी (30 सितंबर) – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नगर निगम परिसर स्थित एमआईसी हॉल में बुधवार को सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों को कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने के साथ उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित एवं उत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक द्वारा सफाई मित्रों को सुरक्षा किट का वितरण किया गया। इस दौरान सफाई मित्रों को कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरणों का नियमित एवं उचित उपयोग करने तथा सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने की सलाह दी गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है
शिविर के दौरान सफाई मित्रों को कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों, सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, सुरक्षित तरीके से कार्य करने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे निर्धारित सुरक्षा सामग्री का उपयोग करते हुए सावधानीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
स्वच्छता के साथ सफाई मित्रों के सम्मान का भी संदेश
कार्यक्रम में सफाई मित्रों द्वारा नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की गई। उनके योगदान को रेखांकित करते हुए सम्मान एवं उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि स्वच्छ शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को समान रूप से प्राथमिकता दी जा रही है।


