कटनी (22 सितंबर) – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 25 सितंबर को दोपहर 12 बजे भोपाल स्थित बीएचईएल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा परियोजना का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर कटनी जिले को योजना के तहत 3 नई बसों की सौगात मिलेगी।
फ्लैग ऑफ के लिए तैयार होंगी कटनी की बसें
शुभारंभ कार्यक्रम में फ्लैग ऑफ के लिए दीनदयाल कटनी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा तीनों बसों को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अनुरूप निर्धारित रंग-रोगन एवं लोगो के साथ तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने बसों से संबंधित व्यवस्थाओं और तैयारियों तथा इनके चालन से संबंधित रूट आदि निर्धारण की प्रक्रिया के लिए नगर निगम को निर्देशित किया है।
23 सितंबर को भोपाल पहुंचेंगी तीनों बसें
कटनी की तीनों बसों को 23 सितंबर को बीएचईएल दशहरा मैदान, भोपाल पहुंचाया जाएगा। इसके लिए दीनदयाल कटनी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा एक नोडल अधिकारी नामित कर इसकी जानकारी परिवहन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत 24 सितंबर को बसों का ड्राई रन भी किया जाएगा।


