MP NEWS CAST मनीष गौतम 8989858230
कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सहायक आयुक्त सहकारिता को जिले की मछुआ सहकारी समितियों की जांच कर सदस्यों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में अपात्र पाए जाने वाले सदस्यों को नियमानुसार समिति से निष्कासित किया जाए। कलेक्टर श्री तिवारी ने यह निर्देश सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान दिये।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर एवं नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पटवारी की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश
फौती नामांतरण के प्रकरण के लापरवाही बरतने वाले तहसील बरही जगुआ हल्का के पटवारी के विरूद्ध सख्त रूख अपनाते हुये पटवारी की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
कलेक्टर ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए खनिज विभाग में लंबित शिकायतों के निराकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने बी ग्रेड वाले विभागों को लंबित शिकायतों का निराकरण कर ए ग्रेड में आने के लिए वांछित सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जल संसाधन, सहकारिता, जनजातीय कार्य, श्रम, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा एवं पीडब्ल्यूडी सहित अन्य विभागों की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से शिकायतों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में प्रगति लाने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अनमोल पोर्टल पर गर्भवती माताओं की एएनसी जांच एवं एनीमिया के मामलों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए टीबी अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही डिलीवरी से संबंधित जानकारी पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए।
महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए परियोजना ढीमरखेड़ा एवं कटनी शहरी में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, जन्म प्रमाण पत्र, 3 से 6 वर्ष के बच्चों के पंजीयन, पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों की स्थिति तथा पोषण ट्रैकर में चिन्हांकित सैम एवं मैम बच्चों की स्थिति की भी समीक्षा की।
आयोगों से जुड़े प्रकरणों की अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश
कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर निगम, जिला पंचायत, एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को अपने विभागों से जुड़े अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग और मानवाधिकार आयोग तथा बाल संरक्षण आयोग से संबंधित प्रकरणों की अद्यतन जानकारी तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न आयोगों से प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों की आगामी समय-सीमा बैठक में समीक्षा की जाएगी।
पीएम किसान ई-केवाईसी का कार्य एक सप्ताह में पूरा करें
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना, डिजिटाइजेशन एवं पीएम किसान ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। पीएम किसान योजना की लंबित ई-केवाईसी एक सप्ताह में पूर्ण कराने तथा कम प्रगति वाले तहसीलदारों को स्वयं निगरानी कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लंबित एवं स्वीकृत प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी कराने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।बैठक में ये रहे उपस्थित


